दुर्गा अष्टमी पर श्रद्धालुओं ने दी मां के दरबार हाजिरी
जागरण संवाददाता, जम्मू : चैत्र नवरात्र की दुर्गा अष्टमी को जम्मू शहर मां भगवती के पूजन में डूबा नजर
जागरण संवाददाता, जम्मू : चैत्र नवरात्र की दुर्गा अष्टमी को जम्मू शहर मां भगवती के पूजन में डूबा नजर आया। प्राचीन बावे वाली माता, महामाया माता, कोल कंडोली माता के दरबार में श्रद्धालुओं का मेला देर शाम तक लगा रहा। परिसर में धर्मप्रेमियों व मंदिर प्रबंधन ने श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे लगाए गए थे। घरों में भी विधिवत पूजा-अर्चना और कन्या पूजन के उपरांत लोगों ने सप्ताह भर रखे व्रत खोले। मन्नत पूरी होने पर जहां कई श्रद्धालु दंडवत होकर तो कई विशाल ध्वज लेकर मां के दरबार पहुंचे। बावे वाली माता मंदिर में श्रद्धालुओं की कतारें मुख्य बाजार तक पहुंच गई थी। श्रद्धालुओं के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी। मां के जयघोष लगाते श्रद्धालु धीरे-धीरे आगे बढ़ते जा रहे थे। घरों में भी मां भगवती की विशेष पूजा की गई। सप्ताह भर रखे व्रतों को खोलने से पूर्व सुबह घरों में विधिपूर्वक कंजक पूजन करने के बाद साख की पूजा-अर्चना की और तवी में प्रवाहित कर दिया। परिवार की सुख समृद्धि व शांति की कामना करते हुए अधिकतर परिवारों में मां दुर्गा की स्तुति करते हुए श्रद्धा के साथ कंजक पूजन किया। महिलाओं ने मंदिरों में दुगराष्टमी का पूजन कर कंजकों की पूजा की। कइयों ने बावे वाली माता के दरबार में कंजक पूजन किया। मां के रूप की पूजा करते हुए कंजकों को लाल रंग के कपड़े पहनाए, हलवा-पूरी के साथ उन्हें फल दिए। प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए थे।
------
स्वच्छता का दिया संदेश
जम्मू : तवी आंदोलन के स्वयंसेवियों ने दुर्गा अष्टमी के दिन माता की साख प्रवाहित करने केलिए तवी तट पर आए श्रद्धालुओं को स्वच्छता का संदेश दिया। कार्यकर्ताओं ने तवी में साख प्रवाहित करने आ रहे लोगों को उनके बताया कि उनके फेंके पानी में फेंके जाने वाले पोलिथिन, अन्य सामग्री से तवी का पानी दूषित हो रहा है। कार्यकर्ताओं की प्रेरणा से लोगों ने एक ही जगह पोलिथिन अन्य सामग्री के ढेर लगाकर केवल साख ही पानी में प्रवाहित की। तवी आंदेालन के कार्यकर्ता दोपहर 12 बजे से शाम 6 बजे तक तवी तट पर ही रहे। कार्यकर्ताओं ने बताया कि जागरूकता शिविर नवमीं के दिन भी जारी रहेगा।