Move to Jagran APP

शहर में आज दोपहिया वाहनों पर चार घंटे रोक

जागरण संवाददाता, अलीगढ़ : होली को लेकर गुरुवार को पुलिस प्रशासन बेहद चौकन्ना रहा। शुक्रवार को धुलेंड

By Edited By: Published: Thu, 05 Mar 2015 11:11 PM (IST)Updated: Fri, 06 Mar 2015 04:01 AM (IST)
शहर में आज दोपहिया वाहनों पर चार घंटे रोक

जागरण संवाददाता, अलीगढ़ : होली को लेकर गुरुवार को पुलिस प्रशासन बेहद चौकन्ना रहा। शुक्रवार को धुलेंडी के दिन भी हुरियारों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। सुबह आठ से दोपहर 12 बजे तक शहर में दोपहिया वाहनों पर रोक रहेगी। बाकी समय में भी अगर दोपहिया वाहन पर तीन लोग चलते दिखे तो पुलिस सख्ती से निपटेगी। बिना अनुमति के डीजे बजाने पर भी कार्रवाई हो सकती है। इस संबंध में एसपी सिटी ने सभी थानेदारों को निर्देश जारी किए हैं।

prime article banner

2456 स्थानों पर जली होली

गुरुवार को जिलेभर में 2456 स्थानों पर होलिका दहन हुआ। इनमें 1609 स्थल देहात व 847 शहर में थे। शांति व्यवस्था के लिए कड़े सुरक्षा प्रबंध किए गए। शहर को आठ सेक्टरों में बांटा गया। शहर में 60 होलिका स्थल अति संवेदनशील व 137 संवेदनशील चिह्नित किए गए। शांति व्यवस्था के लिए पीएसी की दो कंपनी व आरएफ की एक कंपनी लगाई गई। 12 निरीक्षक, 10 दारोगा, 10 हेड कांस्टेबल, 106 सिपाही व 150 होमगार्ड भी लगाए गए। दो कंपनी पीएसी पहले से ही तैनात रही।

.........

पुलिस दिखाएगी सख्ती आज

एसपी सिटी श्रीकृष्ण ने बताया कि शुक्रवार को शहर में चप्पे-चप्पे पर पुलिस मौजूद रहेगी। मिश्रित आबादी वाले बाजारों में पुलिस की दिनभर पेट्रोलिंग रहेगी। सभी थाना प्रभारी सुबह से दोपहर दो बजे तक विशेष नजर रखेंगे। बोर्ड परीक्षाओं को देखते हुए सुप्रीम कोर्ट का आदेश है कि होली पर डीजे नहीं बजने चाहिए। यदि कोई डीजे बजाता है तो उसे प्रशासन से अनुमति लेनी होगी। गुरुवार को शहर में शांति व्यवस्था का जायजा लेने निकले एसपी सिटी ने कई स्थानों पर डीजे बंद कराए।

रूट डायवर्जन

- सब्जी मंडी से कनवरीगंज की ओर की आवाजाही पर प्रतिबंध।

- ऊपरकोट से बस अड्डे व स्टेशन की तरफ जाने वाले वाहन खटीकान चौराहे से देहलीगेट, गूलर रोड व मसूदाबाद चौराहे होकर निकलेंगे।

- मामूभांजा से शहर की तरफ पूरी तरह आवाजाही बंद रहेगी।

(यह डायवर्जन शुक्रवार को सुबह आठ से दोपहर 12 बजे तक लागू होगा।)

रंगों से परहेज है तो घर में रहें

पुलिस प्रशासन ने अपील की है कि किसी को अगर रंगों से परहेज है तो वह अपने घर में ही रहे, क्योंकि शुक्रवार को पूरे शहर में होली होगी। अगर घर से निकलना ज्यादा जरूरी हो तो उन रास्तों को चुनें, जो प्रतिबंधित नहीं हैं।

.........

होली पर शांति व्यवस्था के लिए पुलिस तैनात है। किसी भी उत्पाती को बक्शा नहीं जाएगा। इसके लिए सभी थाना प्रभारियों को निर्देश जारी किए गए हैं।

- जे. रविंद्र गौड़, एसएसपी।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.