तमाशा बन गया किसान महोत्सव
अमेठी, जागरण संवाददाता : जिले का दो दिवसीय किसान महोत्सव तमाशा बनकर रह गया। महोत्सव में पहला दिन जहा
अमेठी, जागरण संवाददाता : जिले का दो दिवसीय किसान महोत्सव तमाशा बनकर रह गया। महोत्सव में पहला दिन जहां अतिथियों के स्वागत के नाम रहा। वहीं दूसरे दिन भी अधिकारियों ने औपचारिकता कर महोत्सव का समापन कर दिया। उप कृषि निदेशक और कृषि विभाग की इस कारस्तानी पर किसान संगठनों ने आक्रोश व्यक्त किया है। किसानों ने जिलाधिकारी से महोत्सव के नाम पर हुए घोटाले और उसमें उपकृषि निदेशक समेत सभी अधिकारियों की भूमिका की जांच की मांग की है।
विवादों से घिरे मेले के आयोजन के पहले ही दिन किसानों के पीने के पानी तक के लाले पड़ गए। स्टालों पर जिम्मेदारों का कोई अता पता नहीं रहा। वहीं दूसरे दिन तो मेले को लेकर अधिकारियों की गंभीरता आइने में साफ नजर आई। दोपहर लगभग बारह बजे जब जागरण टीम महोत्सव में पहुंची तो वहां किसी जिम्मेदार के दर्शन नहीं हुए। आधे घंटे बाद लगभग उप कृषि निदेशक के दर्शन हुए लेकिन उनके आने के बाद भी किसानों की आवक नहीं हो सकी। आलम यह रहा कि मेले में लगे ज्यादातर स्टाल सूने नजर आए। स्टाल तो लगे थे लेकिन न तो वहां किसानों का पता था और न जानकारी देने वाले जिम्मेदारों का। यही हाल योजनाओं के प्रचार प्रसार को लेकर भी रहा। महज पंजीकरण पटल पर कुछ लोग समय काटते नजर आए। लेकिन वहां भी किसानों की आमद नहीं रही। दूसरे पहर में मेले में कुछ किसान आए जरूर लेकिन उन्हें भी निराशा हाथ लगी। किसानों से जुड़ी नवीनतम तकनीकी की जानकारी देने वाला कोई भी मेले में मौजूद नहीं रहा। किसान संगठनों के उपकृषि निदेशक को लेकर चल रही नाराजगी के चलते बहुत ही कम किसान मौके पर नजर आए और कुर्सियां खाली रही।
इन्होंने कहा,
किसान महोत्सव पूरी तरह से फ्लाप रहा है। उप कृषि निदेशक एचएन सिंह भ्रष्टाचार में लिप्त हैं। मेलों के नाम पर उनके द्वारा जमकर घोटाला किया गया है।
रीता सिंह
अध्यक्ष रीता सिंह जनकल्याण समिति
कराई जाए जांच
जिले में लगाए गए सभी मेलों में जमकर घोटाला किया गया है। उपकृषि निदेशक लंबे समय से भ्रष्टाचार करते आ रहे हैं। भाकियू भानू गुट इसके लिए प्रदर्शन कर पूरे मामले की जांच कराए जाने की मांग करेगा।
प्रमोद मिश्र
अध्यक्ष भाकियू भानू गुट
मेलों में किसानों के लिए कुछ भी नहीं था। उपकृषि निदेशक अपने चहेते किसानों को लाभ पहुंचा रहे हैं। उनकी भूमिका की जांच होनी चाहिए।
दूधनाथ पाठक
अध्यक्ष भाकियू हरपाल गुट
कृषि योजनाओं का लाभ राजनैतिक दबाव में चहेते लोगों को दिया जा रहा है। कलस्टर प्रदर्शन के नाम पर किसानों से भेदभाव किया गया है।
समरजीत सिंह
जिलाध्यक्ष किसान पंचायत समिति
बोले जिम्मेदार
किसान मेले में खेती किसानी से जुड़ी योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। ठंड की वजह से किसान कुछ विलंब से आए।
वीके सिंह
जिला कृषि अधिकारी,अमेठी
नहीं उठा फोन
मामले पर उप कृषि निदेशक व जिलाधिकारी से उनका पक्ष लेने का प्रयास किया गया तो उनका फोन नहीं रिसीव हुआ।