आठ दिन बाद हल्के वाहनों पर भी लगेगी रोक
हमीरपुर जागरण संवाददाता: यमुना पुल के क्षतिग्रस्त स्थान के तोड़ने का काम करीब आठ दिन तक चलेगा। इस बीच
हमीरपुर जागरण संवाददाता: यमुना पुल के क्षतिग्रस्त स्थान के तोड़ने का काम करीब आठ दिन तक चलेगा। इस बीच हल्के वाहनों का आवागमन जारी रहेगा। निर्माण कार्य चालू होने पर इन वाहनों का निकला भी रोक दिया जाएगा। पुल की पीएनसी कंपनी के कर्मचारियों ने निरीक्षण कर बैरीकेडिंग लगाने का कार्य शुरु कर दिया।
बुधवार की देर रात यमुना पुल की तीसरी कोठी के पास ऊपरी परत टूट गई थी। इससे पुल से भारी वाहनों का आवागमन पूर्ण रूप से रोक दिया गया था। पुल से हल्के वाहनों को चलाने की अनुमति है। शुक्रवार को पीएनसी कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर मनीष के साथ अन्य कर्मचारियों ने पुल का निरीक्षण किया। पुल के क्षतिग्रस्त स्थान को चारो ओर से घेर लिया गया है। कंपनी के कर्मचारियों ने बताया कि पुल का कार्य शनिवार को शुरु हो सकता है। पुल पर सबसे पहले क्षतिग्रस्त स्थल की फीलिंग की जाएगी। इसमें करीब आठ दिन का समय लग सकता है। इस दौरान हल्के वाहनों को आने-जाने की अनुमति रहेगी। इसके बाद जब इसकी मरम्मत का कार्य चालू होगा तब किसी भी वाहन को निकलने की छूट नहीं रहेगी। कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर ने बताया कि काम पूरा होने में करीब पचीस दिन लगेंगे। इसके बाद एक सप्ताह का समय इसे सूखने में लग सकता है।
खड़े रहे हैवी वाहन
मौदहा हाईवे पर दोनों ओर मौरंग से भरे ट्रक काफी लंबी लाइन लगाए खड़े हैं। वाहनों की वजह से जाम जैसे हालात पैदा हो गए हैं। रोडवेज बसों के शहर तक न आने की वजह से यात्रियों को भी काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। इसमें महिलाओं और बच्चों को अधिक परेशानी हो रही है।