चुनावों की घोषणा होते ही खत्म हुए धरने
राज्य ब्यूरो, जम्मू : राज्य में चुनावों की तिथि घोषित होते ही कई दिनों से चले आ रहे कर्मचारियों क
राज्य ब्यूरो, जम्मू : राज्य में चुनावों की तिथि घोषित होते ही कई दिनों से चले आ रहे कर्मचारियों के धरने प्रदर्शन समाप्त हो गए हैं। अब वह फिर से अपनी रणनीति बनाने में जुट गए हैं।
पिछले दस दिनों से आमरण अनशन पर बैठे विभिन्न विभागों के अस्थायी कर्मचारियों ने अनशन समाप्त कर दिया है। यूनाइटेड फ्रंट के महासचिव सतीश कुमार शर्मा का कहना है कि चुनाव की घोषणा होते ही आचार संहिता लागू हो गई है। ऐसे में अब आमरण अनशन पर बैठने का कोई लाभ नहीं है। सरकार अब कोई भी आदेश जारी नहीं कर सकती है। अब नई सरकार बनने के बाद ही अस्थायी कर्मचारी फिर से रणनीति बनाएंगे। ये कर्मचारी वर्ष 1994 के बाद तैनात अस्थायी कर्मचारियों को स्थायी करने की मांग कर रहे हैं।
वहीं, एस्टेट इंप्लाइज की कोआर्डिनेशन कमेटी ने भी सोमवार से प्रस्तावित अपनी अनिश्चितकालीन हड़ताल को वापस ले लिया है। यह कर्मचारी दो दिनों से एस्टेट विभाग के पुनर्गठन और अस्थायी कर्मचारियों को स्थायी करने सहित कई मांगों को लेकर हड़ताल पर थे। मगर चुनावों की घोषणा होते ही उन्होंने भी अपनी रणनीति बदलते हुए प्रस्तावित हड़ताल को वापस ले लिया। यही नहीं, इस महीने विभिन्न विभागों की कर्मचारी यूनियनों की सभी प्रस्तावित हड़तालें स्थगित हो गई हैं।