कांग्रेस संगठन में सबकी भागदारी बढ़ानी होगी: द्विजेंद्र राम
जागरण संवाददाता, गोरखपुर : हरियाणा व महाराष्ट्र में कांग्रेस की हार का मुख्य कारण यूपीए सरकार की उपल
जागरण संवाददाता, गोरखपुर : हरियाणा व महाराष्ट्र में कांग्रेस की हार का मुख्य कारण यूपीए सरकार की उपलब्धियां जनता के बीच नहीं पहुंच पाना है। इसे आमजन तक पहुंचाने की जिम्मेदारी सरकार व संगठन दोनों की है। अब संगठन को समय के साथ बदलना होगा, इसमें सभी वर्गो की भागीदारी सुनिश्चित करनी होगी। हार के कारणों पर सोनिया गांधी, मनमोहन सिंह व राहुल गांधी लगातार विचार कर रहे हैं।
यह बातें प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता द्विजेंद्र राम त्रिपाठी ने यहां जागरण से बातचीत में कही। उन्होंने कहा कि राजनीतिक पार्टियां हार व जीत दोनों से सबक लेती हैं। कांग्रेस अपनी पराजय स्वीकार कर हार के कारणों की समीक्षा कर रही है, जो भी कमियां मिलेंगी उन्हें ठीक किया जाएगा। उन्होंने भाजपा की जीत को विचारों की नहीं, व्यक्ति (नरेंद्र मोदी) की जीत बताया और कहा कि महाराष्ट्र एवं हरियाणा के चुनाव में लोकसभा चुनाव के मुकाबले वोट प्रतिशत व लोकसभा के हिसाब से विधानसभावार सीटों की गणना कम हुई। अगर इन चुनावों में भाजपा के स्थान पर कोई अन्य पार्टी भी कांग्रेस के मुकाबले सशक्त विकल्प पेश करती तो वही जीतती, जैसा कि इसके पहले पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु व उड़ीसा आदि राज्यों में हुआ है।
एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि एक तरफ भाजपा कांग्रेस मुक्त भारत की बात करती है, वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस के राष्ट्रीय नेताओं को आत्मसात कर उन्हीं के पदचिह्नों पर चलने की बात करती है। शायद इसीलिए भाजपा वैचारिक द्वंद्व का शिकार हो गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महात्मागांधी, सरदार वल्लभ भाई पटेल, इंदिरा गाधी और आरएसएस की विचारधारा को साथ लेकर नहीं चल सकते। दोनों विचारधाराओं में कोई मेल नहीं है।