मां मेरे घर भी आ जाना..
अलीगढ़ : रामघाट रोड के पंचशील इनक्लेव स्थित दक्षिण भारतीयों के प्रसिद्ध अयप्पा मंदिर में देवी माता भजन गूंजे तो श्रद्धालु अपने आपको रोक नहीं सके। वे माता को मनाने के लिए ढोल-ताशों पर नृत्य करने लगे। इन दिनों मंदिर में पांच दिवसीय धार्मिक आयोजन से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया है।
रामघाट रोड पर आइआइएमटी के नजदीक पंचशील इनक्लेव में दक्षिण भारतीयों ने अय्यपा मंदिर का निर्माण कराया है। यहां वार्षिक आयोजन 27 फरवरी से शुरू हो गया था। तीन मार्च को इसका विधिवत समापन होगा। शुक्रवार को सुबह मंदिर में गणपति महाराज की पूजा के साथ हवन हुआ। शाम को देवी जागरण का आयोजन किया गया। पुजारी नारायण नंबूदरी ने पूजन कराया। इसके बाद माता रानी के भजन श्रृंखला की शुरुआत हुई। अंबे नारायणम्, देवी नारायणम् भजन पर श्रद्धालु भक्ति के रस में बंध गए। 'मां मेरे घर भी आ जाना' भजन पर सब जमकर झूमे। केरल से आए छह सदस्यीय प्रतिनिधि मंडल ने संस्कृत के श्लोक पढ़कर मां भगवती की स्तुति की। धार्मिक आयोजन में शहर के सासनीगेट, एकता नगर, विक्रम कालोनी, आगरा रोड आदि स्थानों से दक्षिण भारतीय व स्थानीय श्रद्धालु आए हुए थे। ट्रस्ट के अध्यक्ष चंद्रशेखर शर्मा ने बताया कि यह मंदिर धीरे-धीरे आस्था का केंद्र बनता जा रहा है। इस मौके पर गिरीश, सुनील व तुलसी नायर आदि मौजूद थे।