बा में बदली गई खाद्य सामग्री
हुसेनगंज, (फतेहपुर) संवाद सूत्र : प्रशासन ने कड़ा निर्णय लेते हुए वार्डेन को बर्खास्त कर दिया तो चौथे दिन कस्तूरबा गांधी में कोई छात्राएं बीमार नहीं हुई। नई वार्डेन ने कार्य भार संभाला। सारी खाद्य सामग्री को डाक्टरों की सलाह पर बाहर करवा दिया। दिनभर प्रशासनिक अधिकारी स्कूल की गतिविधियों की पल पल की जानकारी लेते रहे।
कस्बे में संचालित हो रहे कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय स्कूल में मचे बवाल की गाज वार्डेन शैल तिवारी पर गिर गई है। जिलाधिकारी अभय ने देर शाम उन्हें जांच रिपोर्ट के आधार पर नौकरी से बर्खास्त कर दिया। विकल्प के तौर पर धाता स्कूल की वार्डेन रतनमाला तिवारी को चार्ज दे दिया। डीएम के आदेश के बाद धाता की वार्डेन ने कार्यभार ग्रहण कर लिया। सुबह पहर परिसर बदला बदला नजर आया। पल पल में आ रहे अधिकारियों के चलते गेट पर चौकीदार मुस्तैद दिखा। किसी को अंदर जाने की अनुमति नहीं रही। यहां तक की वार्डेन कैंपस में हो रही साफ सफाई आदि की जिम्मेदारी खुद संभालें रहीं। वहीं तीन दिनों से लगातार बीमार होने की जानकारी पाने के लिए मीडिया सतर्क रहा। स्कूल परिसर से कुछ भी जानकारी न मिलने के चलते सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में नजर गड़ाए रही। वहीं अस्पताल प्रशासन के संपर्क में स्कूल रहा।
नई वार्डेन से शिक्षिकाओं में राहत
कस्तूरबा गांधी में छात्राओं के शैक्षिक स्तर को बढ़ाकर उन्हें समाज में पढ़ा लिखा होने का ओहदा दिलाने के काम में जुटी शिक्षकाओं का बीता समय तो अच्छा नहीं रहा। लेकिन नई वार्डेन आने के बाद उनके चेहरे में तनाव के जो बादल थे वह छंट गए हैं। गुरुवार को सुबह परिसर बदला बदला नजर आया। शिक्षिकाएं अपने परिजनों को सब कुछ अच्छा होने का समाचार देती रहीं।
मीडिया से बनाई दूरी
कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की इज्जत तार तार होने के बाद प्रशासन ने यहां पर तैनात कर्मचारियों के मुंह में ताला डाल दिया है। शिक्षिकाओं ने बताया कि उन्हें हिदायत दी गई है कि किसी प्रकार की बात मीडिया से नहीं करेंगी। अगर दिक्कत है तो वह अधिकारियों को उनके मोबाइल पर कॉल करके समस्या दर्ज करा सकती हैं। परिसर पुरुषों के लिए पूरी तरह से प्रतिबंधित हैं। जब अधिकारी शाम 6 बजे के बाद नहीं अंदर दाखिल हो सकता है तो फिर मीडिया को यह कैसे पता हो जाती है। लेकिन दबी जुबान शिक्षिकाओं ने कहा कि अब सब कुछ ठीक है।
'स्थानांतरित वार्डेन को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से स्कूल चलाने के निर्देश दिए गए हैं। समूची खाद्य सामग्री को बदल दिया गया है। किचन एवं परिसर की सफाई दिन में कराई गई है। दिन भर में किसी छात्रा के अस्वस्थ होने का समाचार नहीं मिला है। स्कूल पर पैनी नजर रखी जा रही है। वार्डेन को निर्देशित किया गया है कि वह अस्पताल प्रशासन के संपर्क में रहें। हालांकि चिकित्सकों की टीम ने सभी छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया है। जिसमें सभी स्वस्थ्य पाई गई हैं।'
राजेंद्र प्रसाद यादव जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी