ट्रेन यात्री जहरखुरानी का शिकार
निज प्रतिनिधि, कासगंज (एटा) : निगम की बस हो या रेल की यात्रा सब असुरक्षित होती जा रही हैं। जहरखुरानी गिरोह इतने सक्रिय हो गए हैं कि जिम्मेदार इनका सुराग नहीं लगा पा रहे और यह घटनाओं को निरंतर अंजाम दे रहे हैं। अचेत अवस्था में एक युवक को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। जिसकी जेब से मिली ट्रेन की टिकट से यह साबित हो रहा है कि युवक ट्रेन से यात्रा कर लौट रहा था।
मंगलवार की रात्रि नगर के नदरई गेट इलाके में एक युवक अचेत अवस्था में पड़ा हुआ था। यहां से गुजरने वाले लोगों ने जब युवक को अचेत अवस्था में देखा तो सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने युवक को उपचार के लिए कासगंज के जिला चिकित्सालय में भर्ती करा दिया। जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार किया लेकिन उसकी चेतना वापस नहीं लौटी थी। जिससे उसके बारे में विस्तृत जानकारी नहीं मिल सकी। उसकी जेब से मिली ट्रेन टिकट और एक प्रमाण से यह साबित हुआ है कि वह मारहरा से कासगंज आ रहा था। उसके पास से सामान न मिलने से अनुमान लगाया जा रहा है कि जहरखुरान नकदी और सामान लूट ले गए है। शिकार हुए युवक की पहचान नहीं हो सकी है।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर