कांग्रेस की राजनीति में नए समीकरण
जयपुर, जागरण संवाद केंद्र। कांग्रेस आलाकमान ने राजस्थान में कांग्रेस महासचिव सी.पी. जोशी को चुनाव अभियान समिति की कमान सौंपने के बाद प्रदेश में कांग्रेस राजनीति में नए समीकरण बनने के आसार है।
अभियान समिति का काम चुनाव प्रचार-प्रसार चुनाव सामग्री की व्यवस्था, बड़े नेताओं के चुनावी दौरे तय करवाने, चुनाव क्षेत्रों का लगातार आकलन करवाना और जरूरत पड़ने पर पार्टी के प्रत्याशियों को आर्थिक मदद पहुंचाने तक का काम होता है।
सीपी जोशी के समर्थक उनको मिली इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी से खुश है। इतना जरूर है कि इस पदभार के बाद सीपी के विधानसभा चुनाव में प्रत्याशी बनने की अटकलों पर विराम लगा है। समिति में सांसद समेत कई ऐसे सदस्य भी बने हैं जो खुद कहीं न कहीं से टिकट की दावेदारी कर रहे थे। यह माना जा रहा था कि विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस आलाकमान ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को फ्री हैण्ड दिया है।
जोशी को अभियान समिति का प्रमुख बनाकर एक तरह से मुख्यमंत्री पद का एक और दावेदार खड़ा कर दिया है। अभियान समिति में बनाए गए सात सहअध्यक्ष सहित 66 नेताओं के नामों को देखकर लगता है कि आलाकमान ने न गहलोत को फ्री छोड़ा है और न ही सीपी जोशी को।
अभियान समिति के नाम पर टिकट से वंचित होने वाले प्रमुख कार्यकर्ताओं को समिति से जोड़कर संतुष्ट करने का प्रयास किया जा रहा है। इधर प्रदेश में चुनाव अभियान संचालित करने के लिए भाजपा ने अभी चुनाव अभियान समिति का गठन नहीं किया है। राजनीतिक दल आमतौर पर चुनाव के ऐन पहले ही इस तरह की समिति बनाते हैं।
कांग्रेस ने इस मामले में भाजपा से बढ़त जरूर ले ली है, लेकिन भाजपा सूत्रों का कहना है कि पार्टी विभिन्न स्तरों पर प्रचार की तैयारी में जुटी है। फिलहाल चुनाव अभियान की कमान पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, राष्ट्रीय संगठन मंत्री सौदान सिंह, वी.सतीश और राज्यसभा सदस्य भूपेन्द्र यादव संभाल रहे है।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर