जल्द हो सकता है गुजरात मंत्रिमंडल का विस्तार
अहमदाबाद, जागरण संवाददाता। जनता दल यूनाइटेड से भाजपा के 17 साल पुराने संबंध टूटने के बाद अब गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी राष्ट्रव्यापी प्रचार अभियान पर निकलने की तैयारी में हैं। हालांकि, वह प्रचार अभियान का बिगुल फूंकने से पहले गुजरात में सब कुछ चाक-चौबंद करने के मूड में नजर आ रहे हैं। चर्चा है कि केंद्र के बाद अब गुजरात सरकार अपने मंत्रिमंडल का विस्तार करेगी। मोदी सरकार में सबसे ताकतवर मंत्री आनंदी बेन पटेल के उपमुख्यमंत्री बनाए जाने की सबसे ज्यादा संभावनाएं जताई जा रही हैं। गुजरात के कृषि व जलापूर्ति मंत्री बाबू भाई बोखिरिया के 54 करोड़ के चूना पत्थर घोटाले में दोषी पाए जाने के बाद उनका हटना तय है।
आनंदी बेन के अलावा कैबिनेट मंत्री नितिन पटेल और सौरभ पटेल भी इस पद के दावेदारों में हैं। गुजरात की 182 सदस्यीय विधानसभा में मोदी ज्यादा से ज्यादा 27 मंत्री बना सकते हैं। इस समय गुजरात सरकार में मोदी समेत 17 मंत्री हैं। बोखिरिया की विदाई के बाद चार से छह नए मंत्रियों के शामिल होने की उम्मीद है। इनमें कांग्रेस से भाजपा में आए सांसद विट्ठल रादड़िया के बेटे जयेश और पूर्व ग्रामीण विकास सचिव आरएम पटेल प्रमुख दावेदार माने जा रहे हैं। इसके अलावा उत्तर गुजरात, मध्य, दक्षिण और पूर्वी गुजरात से भी एक-एक मंत्री शामिल किया जा सकता है। भाजपा की प्रचार समिति का अध्यक्ष बनने के बाद से मुख्यमंत्री मोदी के देशव्यापी दौरे को लेकर कयास लगाए जा रहे हैं। हालांकि, अभी तक इसकी कोई अधिकृत घोषणा नहीं की गई है। बताया जा रहा है कि 20 जून को अयोध्या में रामजन्म भूमि न्यास के प्रमुख महंत नृत्य गोपालदास महाराज के अमृत महोत्सव से मोदी इसकी शुरुआत कर सकते हैं।
मंत्री को हटाने के लिए कांग्रेस करेगी आंदोलन
अहमदाबाद। चूना पत्थर घोटाले में दोषी ठहराए गए सरकार के मंत्री बाबूभाई बोखिरिया के इस्तीफे की मांग को लेकर गुजरात कांग्रेस 20 जून से राज्यव्यापी आंदोलन छेड़ेगी। कांग्रेस का आरोप है कि मुख्यमंत्री ने पूर्व मंत्री हरेन पंड्या की हत्या में बोखिरिया के रिश्तेदार की मदद ली थी, इसलिए बोखिरिया को बचा रहे हैं।
कांग्रेस के प्रदेश महासचिव खुर्शीद सैयद ने कहा है कि मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी जलापूर्ति मंत्री बाबू भाई को बचा रहे हैं। बोखिरिया को नहीं हटाने पर कांग्रेस 20 से 27 जून तक गुजरात के हर जिला, तहसील व गाँव में धरना प्रदर्शन कर सरकार के नाम प्रशासन को ज्ञापन देगी।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर