रुई-टेंट निर्माण फैक्ट्री में आग
कानपुर, एक प्रतिनिधि : कोपरगंज स्थित लक्ष्मीपुरवा में मंगलवार को रूई और टेंट निर्माण फैक्ट्री में आग लग गई। हादसे के दौरान फैक्ट्री में रखे गैस सिलेंडर निकालने के दौरान दो कर्मी झुलस गए। आसपास कई गोदाम व रिहाइशी क्षेत्र होने से हड़कंप मच गया। गनीमत रही कि फायर ब्रिगेड ने दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।
मंगलवार अपराह्न दो बजे लक्ष्मी पुरवा में सचिन अग्रवाल की फैक्ट्री में आग लगने के समय कर्मी बाहर बैठे लंच कर रहे थे। अचानक लपटें उठते देख अफरातफरी मच गई। फैक्ट्री में टेंट पाइप जोड़ने के लिए कई गैस सिलेंडर भी रखे थे। कर्मियों ने शार्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई है। फैक्ट्री कर्मियों ने जान पर खेलकर गैस सिलेंडरों को बाहर निकाला। इस दौरान दो कर्मी झुलस गए। घटनास्थल के आसपास ट्रकों में रूई और प्लास्टिक की कुर्सियां भी रखी थीं। आग की लपटें देख कर्मियों ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मुख्य अग्निशमन अधिकारी व लाटूश रोड, मीरपुर, फजलगंज की फायर ब्रिगेड की गाड़ियां वहां पहुंचीं। लाटूश रोड फायर स्टेशन के अग्निशमन अधिकारी केबी गुप्ता ने क्षेत्र की बिजली बंद कराई। इस दौरान आग पड़ोस के प्लास्टिक गोदाम की ओर बढ़ी तो हड़कंप मच गया। फायर जवानों ने छत पर जाकर पानी डाला, तब जाकर गोदाम को बचाया जा सका। शाम 4 बजे आग पर काबू पाया जा सका।
'फैक्ट्री में प्रथम दृष्टया जांच में कोई अग्निशमन यंत्र नहीं पाया गया है, कार्रवाई होगी।'
एसके सिंह कुशवाह, मुख्य अग्निशमन अधिकारी
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर