महिलाओं की सुरक्षा के लिए आएं आगे : किरण बेदी
जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली : मजरी कराला गांव में सामाजिक संगठन नव ज्योति फाउंडेशन का कार्यकर्ता दिवस समारोह का आयोजन किया गया। इस मौके पर पूर्व आईपीएस अधिकारी किरण बेदी ने कहा कि वसंत विहार सामूहिक दुष्कर्म की घटना से न केवल देश, बल्कि पूरा विश्व शोकाकुल है। हमें ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए तैयार रहना होगा। हमें सार्वजनिक जगहों पर महिलाओं के साथ छेड़खानी करने वालों का प्रतिकार करना होगा। इसके लिए उन्होंने फाउंडेशन के कार्यकर्ताओं का समूह बनाने की भी अपील की। उन्होंने फाउंडेशन की एंबुलेंस सेवा की भी शुरुआत की। कार्यक्रम में नव ज्योति फाउंडेशन की ओर से उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं को सम्मानित भी किया। कार्यक्रम का संचालन मोहसिन खान ने किया। इस मौके पर ओम गणपति बालाजी सामाजिक उत्थान ट्रस्ट के चेयरमेन एके सोलंकी ने कहा कि बच्चों में अच्छे संस्कार देकर ही वे ऐसी घटनाओं पर रोक लगा सकते हैं। इस मौके पर नंदिता, एके सिंह व नफे सिंह सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर