नकली नहीं, ठीक IPL की तरह है WWE: बिग ई और कोफी किंग्सटन
न्यू डे के नाम से पहचाने जाने वाले इन दोनों रेसलर्स ने दैनिक जागरण से बातचीत में कहा कि डब्ल्यूडब्ल्यूइ नकली लड़ाई नहीं है।
अभिषेक त्रिपाठी, नई दिल्ली। वर्ल्ड रेसलिंग एंटरटेनमेंट (डब्ल्यूडब्ल्यूइ) के पूर्व टैग टीम चैंपियन बिग ई और कोफी किंग्सटन हाल ही में भारत आए थे। न्यू डे के नाम से पहचाने जाने वाले इन दोनों रेसलर्स ने दैनिक जागरण से बातचीत में कहा कि डब्ल्यूडब्ल्यूइ नकली लड़ाई नहीं है। यह भारत में होने वाली इंडियन प्रीमियर लीग (आइपीएल) की तरह है। जैसे आइपीएल में असली क्रिकेट के साथ एंटरटेनमेंट का तड़का होता है वैसे ही डब्ल्यूडब्ल्यूइ में फाइट के साथ मनोरंजन भी होता है।
दोनों ने कहा कि भारत में डब्ल्यूडब्ल्यूइ के जबरदस्त प्रशंसक हैं और यही कारण है कि हम यहां पर बड़ा निवेश करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि हमें यहां दो बार आने का मौका मिला। यह अद्भुत देश है। यहां का खाना, यहां के लोग, प्रशंसक, सब कुछ शानदार है। बच्चे डब्ल्यूब्ल्यूइ और उनके स्टार को बेहद पसंद करते हैं। वह हमसे बात करना चाहते हैं, मिलना चाहते हैं, पिछली बार जब यहां दिल्ली में डब्ल्यूडब्ल्यूइ हुई थी तो पूरा शो हाउसफुल गया था। यह बताता है कि भारत कितना बड़ा बाजार है।
डब्ल्यूडब्ल्यूइ में द ग्रेट खली के बाद भारतीय रेसलर की कमी पर उन्होंने कहा कि खली का करियर शानदार रहा। उन्हें भारत ही नहीं पूरे विश्व में बहुत प्यार और सम्मान मिला। हाल ही में भारत के ही जिंदर महल डब्ल्यूडब्ल्यूइ चैंपियन बने। हमने हाल ही में दुबई में ट्रायल लिया इसमें दस भारतीय रेसलरों ने भाग लिया। जिंदर महल ने बहुत अच्छा प्रदर्शन किया। वह खली की ही तरह लंबे-चौड़े हैं। भारत के ही लव प्रीत अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। हम भारतीय प्रतिभाओं को बहुत महत्व दे रहे हैं। जल्द ही रॉ और स्मैक डाउन में भी आपको बहुत सारे भारतीय खेलते दिखेंगे। मैं दिल से भारतीय प्रशंसकों को धन्यवाद देना चाहूंगा।
जब उनसे पूछा गया कि भारत में तो क्रिकेट चलता है तो उन्होंने कहा कि मैंने हाल ही में मुंबई इंडियंस का मैच देखा था। वह मेरी पसंदीदा टीम है। हमारी जड़ें जमैका से हैं। वहां खूब क्रिकेट खेला जाता है इसलिए हमें भी क्रिकेट पसंद है।