एशियन चैंपियनशिप: विकास कृष्ण और शिव थापा टीम में शामिल, देवेंद्रो हुए बाहर
टीम में दो बार के पदक विजेता एल देवेंद्रो सिंह को टीम में जगह नहीं मिली है।
नई दिल्ली, पीटीआइ। भारत ने अप्रैल-मई में होने वाली एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप के लिए मिली-जुली टीम तैयार की है, जिसमें दो बार के पदक विजेता एल देवेंद्रो सिंह को टीम में जगह नहीं दी है, जबकि दो नए मुक्केबाज आशीष कुमार और कवींद्र सिंह को पहली बार शामिल किया गया है। भारतीय टीम चैंपियनशिप से पहले अभ्यास दौरे के लिए कजाखस्तान जाएगी।
विश्व चैंपियनशिप के कांस्य पदक विजेता शिव थापा (60 किग्रा) और विकास कृष्ण (75 किग्रा) के साथ पूर्व राष्ट्रमंडल चैंपियन मनोज कुमार (60 किग्रा) को उम्मीद के अनुसार 30 अप्रैल से सात मई के बीच उज्बेकिस्तान के ताशकंद में होने वाली चैंपियनशिप के लिए टीम में चुना गया। यह चैंपियनशिप इस साल के आखिर में होने वाली विश्व चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाइंग टूर्नामेंट भी है। पूर्व एशियाई स्वर्ण पदक विजेता सुमित सांगवान ने वापसी की है। वह पिछली बार पिछले साल जून में रियो ओलंपिक क्वालीफायर्स में खेले थे। अब वह लाइट हैवीवेट (81 किग्रा) के बजाय हैवीवेट (91 किग्रा) में खेलेंगे। नए भार वर्ग में यह उनकी पहली प्रतियोगिता होगी।
एशियाई युवा चैंपियनशिप के रजत पदक विजेता आशीष कुमार (64 किग्रा) और ट्रायल्स में देवेंद्रो को हराने वाले कवींद्र सिंह (52 किग्रा) को टीम में लिया गया है। ये दोनों मुक्केबाज ताशकंद में सीनियर अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में पदार्पण करेंगे। देवेंद्रो को इस प्रतियोगिता के लिए रिजर्व में रखा गया है। देवेंद्रो ने एशियाई चैंपियनशिप 2013 में रजत और 2015 में कांस्य पदक जीता था। के श्याम कुमार (49 किग्रा) को भी रिजर्व में रखा गया है। उन्होंने थाइलैंड अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में स्वर्ण पदक जीता था। अमित फांगल को भी लाइट फ्लाईवेट (49 किग्रा) वर्ग में टीम में रखा गया है।
एशियाई चैंपियनशिप में जर्मनी के हैम्बर्ग में 25 अगस्त से होने वाली विश्व चैंपियनशिप के लिए 60 क्वालीफाइंग स्थान (प्रत्येक भार वर्ग में शीर्ष छह) होंगे। सेमीफाइनल में पहुंचने वाला खिलाड़ी स्वत: ही क्वालीफाई कर लेगा, जबकि क्वार्टर फाइनल में हारने वाले खिलाड़ियों के बीच बाक्स ऑफ से पांचवें और छठे स्थान का फैसला किया जाएगा। भारत ने 2015 में पिछली बार एशियाई चैंपियनशिप में चार पदक जीते थे। विकास ने देश के लिए एकमात्र रजत पदक जीता था, जबकि शिव, देवेंद्रो और सतीश कुमार (91 किग्रा से अधिक) ने कांस्य पदक जीते थे। सतीश को आगामी चैंपियनशिप के लिए भी चुना गया है। भारत के लिए एशियाई चैंपियनशिप में पिछला स्वर्ण पदक शिव थापा ने 2013 में जीता था। तब उन्होंने बैंटमवेट वर्ग में खिताब जीता था। इससे पहले एम सुरंजय सिंह (52 किग्रा) ने 2009 में स्वर्ण पदक हासिल किया था।
टीम- अमित फांगल (49 किग्रा), कवींद्र सिंह (52 किग्रा), गौरव बिधूड़ी (56 किग्रा), शिव थापा (60 किग्रा), मनोज कुमार (69 किग्रा), विकास कृष्ण (75 किग्रा), मनीष पंवार (81 किग्रा), सुमित सांगवान (91 किग्रा) और सतीश कुमार (91 किग्रा से अधिक)।