दो बच्चों की मां सरिता हासिल कर चुकी हैं मिस इंडिया का खिताब
रिता बॉडीबिल्डिंग जैसे खेल में नाम कमा रही है, जिसमें पुरुषों का वर्चस्व रहता है।
नई दिल्ली। मणिपुर का नाम खेलों की दुनिया में महिला खिलाड़ियों के लिए लोकप्रिय है। यहां की एमसी मैरीकॉम और एल. सरिता देवी देश की शीर्ष मुक्केबाज हैं। अब इसी प्रदेश की एक और सरिता बॉडीबिल्डिंग जैसे खेल में नाम कमा रही है, जिसमें पुरुषों का वर्चस्व रहता है।
थिंगबाजिजाम सरिता का नाम बोलने में भले ही कठिन हो, लेकिन इतना ही सरल स्वभाव इस महिला खिलाड़ी का है। हाल ही में सरिता ने मुंबई में संपन्ना प्रतियोगिता में मिस इंडिया का खिताब हासिल किया था। इसके लिए उन्हें पचास हजार रुपए की पुरस्कार राशि मिली थी।
इसके अलावा वे कई अन्य अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में भी अपनी प्रतिभा दिखा चुकी हैं। सरिता आम खिलाड़ियों की तरह नहीं है क्योंकि उन्हें खेल के साथ अपना घर और बच्चों का भी ध्यान रखना होता है। सरिता के दो बेटे हैं, जिनकी परवरिश का वे पूरा ख्याल रखती हैं।
आम महिलाओं की तरह घर का भी पूरा काम करना होता है। इसके बाद जो समय बचता है, उसमें बॉडीबिल्डिंग करती हैं। भारतीय बॉडीबिल्डिंग फेडरेशन (आईबीबीएफ) की ताजा रैंकिंग में सरिता देश की नंबर एक महिला बॉडीबिल्डर हैं।
पुरुषों के खेलों में आगे रहती हैं मणिपुर की महिलाएं :
मणिपुर ने यूं तो देश को कई सितारा खिलाड़ी दिए हैं, लेकिन जब चर्चा महिलाओं की होती है तो इनमें एमसी मैरीकॉम, एल सरिता देवी सहित ऐसे नाम ज्यादा हैं जो पुरुषों से जुड़े खेलों में अपना नाम कमा रही हैं। मैरीकॉम और सरिता जहां सितारा मुक्केबाज हैं वहीं सोनिया चानू, कुंजरानी देवी, संजीता चानू, साईखोम मिराबाई चानू भारोत्तोलन में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नाम कमा चुकी हैं।