ये क्या, महिला हॉकी टीम के कोच भूल गए कि कितने खिलाड़ी खेलते हैं मैच
मारिने अपने पहले ही मैच में भूल गए कि हॉकी में कितने खिलाड़ी खेलते हैं।
By Bharat SinghEdited By: Published: Mon, 06 Mar 2017 12:42 PM (IST)Updated: Mon, 06 Mar 2017 12:44 PM (IST)
नई दिल्ली। भारतीय महिला हॉकी टीम के नवनियुक्त कोच शोर्ड मारिने की शुरुआत थोड़ी शर्मिंदगी भरी रही है। मारिने अपने पहले ही मैच में भूल गए कि हॉकी में कितने खिलाड़ी खेलते हैं।
भारतीय टीम बेलारूस के खिलाफ पांच मैच की टेस्ट सीरीज खेल रही है। गुरुवार को मारिने का कोच के रूप में पहला मैच था। इसमें उन्होंने 11 की बजाए 10 खिलाड़ियों को खेलने के लिए भेजा। टीम इंडिया मैच के पहले क्वार्टर में 10 खिलाड़ियों के साथ ही खेलती रही।
पूरे क्वार्टर के दौरान नीदरलैंड के पूर्व कोच मारिने को यह अहसास ही नहीं हो पाया कि उनकी टीम सिर्फ 10 खिलाड़ियों के साथ मैदान में उतरी है। बाद में हॉकी इंडिया के लोकल कोच ने इस बात पर ध्यान दिलाया कि भारतीय टीम एक कम खिलाड़ी के साथ मैदान में उतरी है।
इस अजीबो गरीब गलती पर प्रतिक्रिया देते हुए मध्य प्रदेश हॉकी अकादमी के कोच डॉ. हबीब हसन ने कहा, 'यह बहुत ही अजीब था कि इतने महत्वपूर्ण मैच में सिर्फ 10 खिलाड़ी ही मैदान पर थे।' हॉकी इंडिया के अधिकारियों मे हसन ही पहले व्यक्ति थे, जिसने नीदरलैंड के इस कोच का ध्यान इस ओर खींचा।
टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक हॉकी के एक सीनियर कोच ने अपना नाम न उजागर करने की शर्त पर कहा, 'इससे गलत संदेश गया है। एक अंतरराष्ट्रीय स्तर के कोच से ऐसी गलती की उम्मीद नहीं की जाती। यह कोच की ड्यूटी है कि वह टीम से जुड़ी हर छोटी-बड़ी बात पर अपना ध्यान रखे।'
उन्होंने कहा कि शुक्र है हम पूरा मैच 10 खिलाड़ियों से नहीं खेले। मारिने ने इस मामले पर कुछ कहने से इनकार कर दिया।
Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें