रियो के बाद फिर से रिंग में उतरेंगी पहलवान साक्षी मलिक
रियो में पदक जीतने के बाद साक्षी मलिक पहली बार किसी प्रतियोगिता में शामिल होंगी।
नई दिल्ली (पीटीआइ)। रियो ओलंपिक में भारत को कांस्य पदक जिताने वाली साक्षी मलिक गोंडा में राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता में शामिल होंगी। यह रियो के बाद उनका पहली प्रतियोगिता होगी।
उत्तर प्रदेश के गोंडा में 23 अक्टूबर से शुरू हो रही 61वीं सीनियर फ्री स्टाइल, ग्रीको रोमन स्टाइल और 19वीं महिला राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता 25 अक्टूबर तक चलेगी।
इस प्रतियोगिता में करीब 650 पहलवान और 175 अधिकारी शामिल हो रहे हैं। मलिक रेलवे की ओर से 58 किलो वर्ग में हिस्सा लेंगी। उनके अलावा इस प्रतियोगिता में अमित दहिया (57 किलो), मौसम खत्री (97 किलो), अमित धनखड़ (70 किलो), रविंदर सिंह (59 किलो) जैसे जाने माने पहलवान भी शामिल होंगे। ये सभी हरियाणा का प्रतिनिधित्व करेंगे।
बजरंग (65 किलो), सत्यव्रत (97 किलो), धर्मेंद्र दलाल (130 किलो) जैसे खिलाड़ी रेलवे की ओर से खेलेंगे। रविंदर खत्री (80 किलो) और संदीप तोमर (57 किलो) सेना की ओर से इसमें शामिल होंगे।