ऑस्ट्रेलियन ओपनः भारतीय खिलाड़ियों में सिर्फ साइना आगे बढ़ीं
भारतीय दिग्गज बैडमिंटन स्टार और विश्व नंबर एक खिलाड़ी साइना नेहवाल ऑस्ट्रेलियन ओपन सुपर सीरीज में आगे कदम बढ़ाने वाली एकमात्र भारतीय खिलाड़ी हैं। साइना ने चीन की सुन यू को हराया।
सिडनी। भारतीय दिग्गज बैडमिंटन स्टार और विश्व नंबर एक खिलाड़ी साइना नेहवाल ऑस्ट्रेलियन ओपन सुपर सीरीज में आगे कदम बढ़ाने वाली एकमात्र भारतीय खिलाड़ी हैं। साइना ने चीन की सुन यू को हराया।
- साइना का जलवाः
साइना ने 9वीं वरीय खिलाड़ी चीन की सुन यू को 21-19, 19-21, 21-14 से कड़े मुकाबले में मात दी। महिला सिंगल्स का ये मुकाबला एक घंटा 18 मिनट तक चला। ओलंपिक कांस्य पदक विजेता साइना का अगला मुकाबला दो बार की ऑल इंग्लैंड चैंपियन शिजियान वांग से होगा।
- अन्य भारतीय खिलाड़ी असफलः
साइना ने जरूर टूर्नामेंट में आगे कदम बढ़ा लिए लेकिन अन्य भारतीय खिलाड़ियों ने फैंस को निराश ही किया। विश्व नंबर 4 खिलाड़ी कदांबी श्रीकांत और 2010 कॉमनवेल्थ गेम्स में चैंपियन बनने वाली ज्वाला गुट्टा और अश्विनी पोनप्पा की जोड़ी भी आगे नहीं बढ़ सकी। श्रीकांत को पुरुषों के सिंगल्स मुकाबले में चीन के टियान हूवी के खिलाफ 21-18, 17-21, 13-21 से मात मिली। जबकि ज्वाला-पोनप्पा की जोड़ी चौथी वरीय इंडोनेशिया की नित्या क्रिशिंदा महेश्वरी और ग्रेसिया पोली की जोड़ी के खिलाफ असफल रही।