सुबूतों के अभाव में पिस्टोरियस बरी
ब्लेड रनर के नाम से मशहूर एथलिट ऑस्कर पिस्टोरियस पर अपनी गर्लफ्रेंड की हत्या के आरोप के मामले में साउथ अफ्रीका की एक
प्रिटोरिया। 'ब्लेड रनर' के नाम से मशहूर दक्षिण अफ्रीका के ओलंपिक एथलीट ऑस्कर पिस्टोरियस के खिलाफ उनकी प्रेमिका रीवा स्टीनकेंप की हत्या का आरोप साबित नहीं हो सका। गुरुवार को प्रिटोरिया हाई कोर्ट की जज थोकोसिले मासिपा ने फरवरी, 2013 से जुड़े इस मामले में फैसला सुनाते हुए पिस्टोरियस को बरी कर दिया।
मासिपा ने कहा, 'सरकार एक हद तक शक के अलावा यह साबित नहीं कर सकी कि यह एक पूर्वनियोजित हत्या थी और पिस्टोरियस ने स्टीनकेंप को मारने के लिए गोलियां चलाई थीं। आरोपी सही मायने में हथियार का उपयोग करना चाहता था..(लेकिन) गोली चलाने का उसका मकसद किसी को मारना नहीं था।
27 साल के पिस्टोरियस पर पिछले साल अपनी प्रेमिका और टॉप मॉडल रीवा की हत्या का आरोप लगा था। पिस्टोरियस ने रीवा को गोली मारने की बात कबूल ली थी, लेकिन उन्होंने कहा था कि यह हादसा अनजाने में हुआ था। पिस्टोरियस के मुताबिक उन्होंने रीवा को चोर समझ लिया और गोली चला दी थी। इस सनसनीखेज हत्याकांड की सुनवाई बीते साल तीन मार्च से शुरू हुई थी, जिसे टीवी पर भी प्रसारित किया गया।
दूसरी ओर, सरकारी वकील गैरी नील ने कहा था कि स्टीनकेंप की हत्या के मामले में पिस्टोरियस ने बार-बार दो तरह के बयान दिए हैं। नील ने पिस्टोरियस के खिलाफ उम्र कैद की मांग की थी। मासिपा ने कहा, 'पिस्टोरियस के खिलाफ सरकार यदि पर्याप्त सुबूत लाती तो वह निश्चित तौर पर बरी नहीं किए जाते।
अदालत के फैसले के बाद पिस्टोरियस को सिसकियों के बीच अपने परिजनों को गले लगाते देखा गया। अदालत में पिस्टोरियस के भाई भी व्हील चेयर पर मौजूद थे, जो हाल ही में एक कार दुर्घटना में बुरी तरह से घायल हो गए थे।