अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी को मिल रही "निर्भया कांड" जैसे दुष्कर्म की धमकी
आसमां पर हमला कर उसका हाथ तोड़ने के आरोपी और दबंग लोग समझौते के लिए पीड़ित परिवार पर दबाव बना रहे हैं।
मथुरा। फरह में परखम तिराहा पर पावर लिफ्टिंग की अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी आसमां पर हमला कर उसका हाथ तोड़ने के आरोपी और दबंग लोग समझौते के लिए पीड़ित परिवार पर दबाव बना रहे हैं। समझौता न करने पर दिल्ली के निर्भया कांड जैसी घटना को दोहराने की धमकी दी गई है। आरोपी खुले में घूम रहा है और पुलिस उसे गिरफ्तार नहीं कर रही है।
गांव कुरकंदा की आसमां पावर लिफ्टिंग की अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी हैं। वह आगरा में कोचिंग लेकर प्रैक्टिस करती हैं। 20 मई को फरह के परखम तिराहा से होते हुए आगरा जा रही थीं। तभी फरह के व्यापारियन मोहल्ला के युवक उस्मान ने छेड़खानी की। विरोध पर उस्मान ने उस पर हमला कर दिया।
उस्मान के पिता मुन्ना ने आसमां पर सरिया से प्रहार कर दिया और इससे उनके हाथ में फ्रैक्चर हो गया। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपी पूर्व सभासद मुन्ना के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
आरोपी फरार है। शनिवार को ही आसमां को जिला अस्पताल से एक प्राइवेट अस्पताल में शिफ्ट करा दिया गया। इधर, आसमां के पिता मुस्ताक ने कहा कि पुलिस आरोपी के प्रभाव में आ गई है। उसे गिरफ्तार नहीं कर रही है।
पुलिस मामला कमजोर करने में लगी है। आरोपी और फरह के एक नेताजी समझौता के लिए दबाव बना रहे हैं। जान से मारने और दिल्ली दुष्कर्म कांड जैसी घटना दोहराने की धमकी दे रहे हैं। एएसपी कुंवर अनुपम सिह का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।