HIL-5: थिमैया ने अंतिम मिनट में रांची से छीनी जीत
एचआइएल-5 के पहले मैच में रांची रेज और दबंग मुंबई के बीच मुकाबला ड्रॉ रहा। निकिन थिमैया के फील्ड गोल ने उसे जीत से रोक दिया और मुंबई की टीम 3-3 से मैच ड्रॉ कराने में सफल रही।
मुंबई, जेएनएन। दबंग मुंबई शनिवार को यहां पांचवें हॉकी इंडिया लीग (एचआइएल-5) के उद्घाटन मुकाबले में दो बार की चैंपियन रांची रेज के खिलाफ दो गोल से पिछड़ रही थी, लेकिन अंतिम क्षणों में निकिन थिमैया के फील्ड गोल ने उसे जीत से रोक दिया और मुंबई की टीम 3-3 से मैच ड्रॉ कराने में सफल रही।
मैच के अंतिम मिनट में मुंबई को पांचवां पेनाल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन टीम उसे गोल में नहीं बदल सकी। ऐसे में गेंद छिटककर सर्किल के बाहर खड़े थिमैया के पास पहुंच गई और उन्होंने बिना कोई समय गंवाए फील्ड गोल के जरिये गेंद को रांची के नेट में पहुंचा दिया, जिससे 3-1 से पीछे चल रही मुंबई ने 3-3 से बराबरी हासिल कर ली।
मालूम हो कि एचआइएल में एक फील्ड गोल को दो गोल के बराबर माना जाता है। मेजबान टीम के लिए एकमात्र अन्य गोल हरमनप्रीत सिंह ने पेनाल्टी कॉर्नर के जरिये दागा। वहीं रांची के लिए सिमरनजीत सिंह ने बेहतरीन फील्ड गोल दागा, जबकि जर्मनी के क्रिस्टोफर रुहर ने पेनाल्टी स्ट्रोक्स के जरिये गोल किया। मैच के पहले हाफ में दोनों ही टीमें कोई गोल नहीं कर सकी थीं।
दूसरे हाफ में 32वें मिनट में सिमरनजीत ने फील्ड गोल के जरिये रांची को 2-0 से आगे कर दिया। मुंबई ने वापसी की काफी कोशिश की, लेकिन 37वें मिनट में उसे मैच पहला पेनाल्टी कॉर्नर मिला, जिसे हरमनप्रीत ने गोल में बदल दिया। इसके बावजूद मुंबई 1-2 से पीछे थी।
क्रिकेट की खबरों के लिए यहां क्लिक करें
रांची ने जवाबी हमला बोला और दो मिनट बाद ही मिले पेनाल्टी कॉर्नर पर क्रिस्टोफर ने गोल करके रांची को 3-1 की बढ़त दिला दी। यहां से मुंबई ने वापसी की कोशिश करनी चाही, लेकिन रांची के खिलाड़ियों ने मुंबई के खिलाड़ियों को कोई मौका नहीं बनाने दिया। जब लग रहा था कि मैच रांची के पक्ष में चला जाएगा, तभी अंतिम मिनट में मुंबई को पेनाल्टी कॉर्नर मिला।
हालांकि टीम इसे भी गोल में नहीं बदल सकी, लेकिन सर्किल के बाहर बेहद सतर्क खड़े थिमैया के इरादे कुछ और ही थे और उन्होंने फील्ड गोल कर अपनी टीम को हार के मुंह से बाहर निकाल कर मैच ड्रॉ करा दिया।