स्टार फुटबॉलर मेसी की 21 माह की सजा बरकरार
मेसी को बतौर जुर्माना 20.09 लाख यूरो (करीब 14 करोड़, 56 लाख रुपये) और उनके पिता को 15 लाख यूरो (करीब 10.86 करोड़ रुपये) भी देने होंगे।
बार्सिलोना, एएफपी। स्पेन की सुप्रीम कोर्ट ने अर्जेटीना और बार्सिलोना के स्टार स्ट्राइकर लियोन मेसी की कर चोरी मामले में 21 महीने की जेल की सजा बरकरार रखी है। हालांकि शीर्ष कोर्ट ने फीफा के पांच बार के सर्वश्रेष्ठ फुटबॉलर मेसी के पिता जॉर्ज होरासिओ मेसी की सजा 21 माह से घटाकर 15 माह कर दी। ऐसा जॉर्ज द्वारा गबन की कुछ राशि वापस लौटने के लिए किया गया। मेसी को बतौर जुर्माना 20.09 लाख यूरो (करीब 14 करोड़, 56 लाख रुपये) और उनके पिता को 15 लाख यूरो (करीब 10.86 करोड़ रुपये) भी देने होंगे।
बार्सिलोना की अदालत ने 16 जुलाई, 2016 को पाया कि मेसी और उनके पिता जॉर्ज ने बेलाइज, ब्रिटेन, स्विट्जरलैंड और उरुग्वे में विभिन्न कंपनियों के जरिये कर चोरी की थी। 2007-09 के दौरान मेसी की विज्ञापनों से हुई 41.6 लाख यूरो (करीब 30.14 करोड़ रुपये) की कमाई पर कर नहीं दिया गया था। मेसी ने इस फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी, जिसे शीर्ष अदालत ने बुधवार को खारिज कर दिया।
यह थी मेसी की दलील
मेसी को यह कमाई उनके तस्वीरों के अधिकारों, जिसमें विज्ञापन के अनुबंध भी शामिल हैं। उन्होंने डेनवन, एडिडास, पेप्सी-कोला, प्रोक्टर एंड गैंबल और कुवैत फूड कंपनी के साथ करार किए हुए थे। मेसी की दलील थी कि उनके पैसों का हिसाब-किताब उनके पिता संभालते थे। खुद मेसी को इस बारे में कोई जानकारी नहीं थी। तब भी अदालत ने उनकी यह दलील नहीं मानी थी। अब शीर्ष अदालत ने भी उनकी यह दलील खारिज करते हुए कहा कि उनको बखूबी पता है कि विज्ञापनों से होने वाली आय पर उन्हें कर का भुगतान करना होता है।
मिल सकती है राहत
स्पेन के कानून के मुताबिक, गैर ¨हसा वाले पहले अपराध की स्थिति में दो साल से कम की सजा को निलंबित किया जा सकता है। इस स्थिति में मेसी और उनके पिता जेल जाने से बच सकते हैं।
सजा पा चुके फुटबॉलर
मेसी से पहले भी कई बड़े फुटबॉलर छोटे या बड़े मामले में सजा पा चुके हैं:-
1. आर्सेनल क्लब के टोनी एडम्स को शराब पीकर गाड़ी चलाने के मामले में चार महीने की जेल हुई थी। हालांकि उन्हें जेल में 57 दिन ही बिताने पड़े थे।
2. डच फुटबॉलर गुस हिडिंक को कर चोरी के मामले में छह महीने की सजा हुई थी। जुर्माना भरने के बाद सजा निलंबित कर दी गई थी।
3. ब्राजील लीग के फ्लेमिंगो क्लब से खेलने वाले ब्रूनो फर्नाडिस डी सूजा को पूर्व प्रेमिका की हत्या के जुर्म में 22 साल की सजा हुई।
4. फिलाडेल्फिया ईगल्स के केविन एलन को यौन उत्पीड़न के मामले में 15 साल की सजा हुई थी। उन्हें 33 महीने में रिहा कर दिया गया था।
5. वेस्ट ब्रोमविक एल्बियन के ली ह्यूग्स को छह साल की जेल हुई थी। नशे में उनकी गाड़ी से हुए एक्सीडेंट में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी।