स्वर्ण के साथ कविता ने कटाया ओलंपिक का टिकट
भारत की लंबी दूरी की धाविका कविता राउत ने शुक्रवार को 12वें दक्षिण एशियाई खेलों (सैग) की महिला मैराथन का स्वर्ण पदक जीतने के साथ ही ओलंपिक का टिकट भी कटा लिया। इसके साथ सातवें दिन भी भारत का दबदबा जारी रहा। एथलेटिक्स में दो पदकों के अलावा निशानेबाजों ने
गुवाहाटी। भारत की लंबी दूरी की धाविका कविता राउत ने शुक्रवार को 12वें दक्षिण एशियाई खेलों (सैग) की महिला मैराथन का स्वर्ण पदक जीतने के साथ ही ओलंपिक का टिकट भी कटा लिया। इसके साथ सातवें दिन भी भारत का दबदबा जारी रहा। एथलेटिक्स में दो पदकों के अलावा निशानेबाजों ने दांव पर लगे चारों स्वर्ण पदक सहित कुल सात पदक अपनी झोली में डाले। भारतीय खिलाड़ी अब तक कुल 249 पदक जीत चुके हैं। इनमें 146 स्वर्ण, 80 रजत और 23 कांस्य पदक हैं। श्रीलंका 157 पदकों के साथ दूसरे और 74 पदक लेकर पाकिस्तान तीसरे स्थान पर है।
30 वर्षीय कविता ने दो घंटे, 38 मिनट और 38 सेकेंड के समय के साथ पीला तमगा जीता। वह रियो ओलंपिक की महिला मैराथन स्पर्धा के लिए क्वालीफाई करने वाली चौथी भारतीय धाविका बनीं। रियो खेलों के लिए महिला मैराथन का क्वालीफाइंग स्तर दो घंटे, 42 मिनट है। ओपी जैशा, ललिता बाबर और सुधा सिंह पहले ही ओलंपिक की महिला मैराथन स्पर्धा के लिए क्वालीफाई कर चुकी हैं। श्रीलंका की एनजी राजशेखर (दो घंटे, 50 मिनट और 47 सेकेंड) ने रजत, जबकि बी अनुराधी (दो घंटे, 52 मिनट और 15 सेकेंड) को कांस्य पदक मिला। नासिक की कविता सैग खेलों के जरिये ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करने वाली एकमात्र भारतीय एथलीट हैं।
पुरुष वर्ग में मैराथन का खिताब पहले ही रियो के क्वालीफाई कर चुके भारतीय एथलीट नितेंद्र सिंह रावत (2:15:18 सेकेंड) ने, जबकि खेता राम ने कांस्य पदक जीता। रजत श्रीलंका के इंद्रजीत कोरे ने जीता।
- चैन ने किया नारंग को बेचैन
गुवाहाटी। रियो ओलंपिक के लिए क्वालीफाई कर चुके चैन सिंह ने सैग खेलों में अपना स्वर्णिम सफर जारी रखते हुए शुक्रवार को दूसरे पीले तमगे पर निशाना साधा। 26 वर्षीय चैन ने दस मीटर राइफल स्पर्धा में एक बार फिर ओलंपियन गगन नारंग को पछाड़कर सोना जीता, जोकि उनका इस प्रतियोगिता में दूसरा स्वर्ण है। नारंग को कांसे से संतोष करना पड़ा। चैन ने 50 मीटर राइफल प्रोन में भी नारंग को शिकस्त देकर सोना जीता था। इसके बाद चैन, नारंग और इमरान खान की तिकड़ी ने इस स्पर्धा का स्वर्ण पदक भी अपने नाम किया। पुरुषों की 20 मीटर स्टैंडर्ड पिस्टल स्पर्धा में भारतीय निशानेबाजों ने क्लीन स्वीप किया। नीरज कुमार पहले, गुरप्रीत सिंह दूसरे और महेंद्र सिंह तीसरे स्थान पर रहे। टीम स्पर्धा का गोल्ड भी भारतीय तिकड़ी ने ही जीता।