जूनियर हॉकी विश्व कप में भारत ने किया जीत से आगाज
भारत ने गुरुवार को जूनियर विश्व कप हॉकी में अपने अभियान का आगाज शानदार तरीके से किया और कनाडा को 4-0 से शिकस्त दी।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। कड़कड़ाती सर्दी में दर्शकों का जोश उफान पर था। लहराते तिरंगे और जय हो के नारों के बीच भारत ने गुरुवार को जूनियर विश्व कप हॉकी में अपने अभियान का आगाज शानदार तरीके से किया और कनाडा को 4-0 से शिकस्त दी। कड़ाके की ठंड भी भारत की जीत के जोश में झूम रहे हॉकी प्रेमियों को नहीं रोक सकी। अब शनिवार को भारत का मुकाबला इंग्लैंड से होगा।
स्पोर्ट्स कॉलेज में गुरुवार देर शाम भारतीय टीम ने शानदार हॉकी खेली। बेहद तेज गति से शुरू हुए खेल में भारत का रवैया आक्रामक रहा। भारतीय टीम ने जहां परंपरागत शैली को अपनाया, वहीं कनाडा बिखरी नजर आयी। सबसे पहले खेल के 22वें मिनट में भारतीय टीम को मौका मिला, लेकिन फारवर्ड मनप्रीत की हिट गोलपोस्ट से टकरा कर वापस आ गई। इस बीच भारतीय टीम ने दो पेनाल्टी कॉर्नर भी हासिल किए। हालांकि वह उन्हें गोल में तब्दील नहीं कर पाए। पहले हाफ के आखिरी मिनट में कप्तान हरजीत सिंह ने कमाल दिखाया और गेंद कनाडा की डी में पहुंचायी। यहां पर मुस्तैद खडे़ मंदीप सिंह को दिप्सान टिर्की से गेंद मिली, जिस पर उन्होंने रिवर्स हिट से उसे गोल में दाखिल कर दिया। इसके साथ ही भारत ने 35वें मिनट में 1-0 की बढ़त बना ली।
दूसरे हाफ में भी मेजबान टीम ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। मैच से पहले कोच जिस तरह की तैयारियों का दावा कर रहे थे टीम ने उसे सही साबित कर दिया। दूसरे हाफ के 46वें मिनट में पेनाल्टी स्ट्रोक पर हरमनप्रीत सिंह ने गोल किया। भारतीय खिलाडि़यों के आगे कनाडा की टीम मैदान में असहाय नजर आई। 60वें मिनट में सिमरनजीत सिंह ने डी के भीतर गेंद वरुण को पास दिया। वरुण ने बिना किसी गलती के हिट लगाकर भारत के खाते में एक गोल दर्ज कराया। अजीत पांडे ने 66वें मिनट में भारत का चौथा व अंतिम गोल दागा।
जैसा सोचा वैसा ही खेले
जीत से उत्साहित कोच हरेंद्र ने कहा कि मैच से पहले ही कह दिया था कि बस नेचुरल गेम खेलना है। कुछ अलग करने की जरूरत नहीं है और देखिए नतीजा सामने है। अब अगले मैच पर ध्यान देना है। मैच में सभी खिलाडि़यों ने बेहतर खेला है। एक-दो बातें नोटिस की हैं, जिस पर काम किया जाएगा।
दूसरे हाफ में हारे
कनाडा के कोच इंद्रपाल शेंबी मैच के बाद निराश नजर आए। कोच ने कहा पहले हाफ में टीम बेहतर रही। एक-दो मौके भी मिले, लेकिन खिलाड़ी चूक गए। दूसरे हाफ में भारतीय खिलाडि़यों ने बेहतर खेला। हमें इस मैच को भूलकर आगे बढ़ना होगा। टीम इंडिया को बेहतर प्रदर्शन के लिए बधाई।