छोटे पास पर काम कर रही भारतीय महिला हॉकी टीम
हॉकी वर्ल्ड लीग (एचडब्ल्यूएल) सेमीफाइनल्स की तैयारियों के मद्देनजर भारतीय महिला हॉकी टीम छोटे-छोटे पास में महारथ हासिल करने में जुटी हुई है। पिछले महीने घोषित की जा चुकी भारतीय महिला टीम इस समय राजधानी के मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में अभ्यास कर रही है।
नई दिल्ली। हॉकी वर्ल्ड लीग (एचडब्ल्यूएल) सेमीफाइनल्स की तैयारियों के मद्देनजर भारतीय महिला हॉकी टीम छोटे-छोटे पास में महारथ हासिल करने में जुटी हुई है। पिछले महीने घोषित की जा चुकी भारतीय महिला टीम इस समय राजधानी के मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में अभ्यास कर रही है।
भारतीय टीम के पास बेल्जियम में होने वाले टूर्नामेंट में शीर्ष तीन में जगह बनाकर रियो ओलंपिक का टिकट हासिल करने का मौका होगा। हाल ही में संपन्न हॉकी वर्ल्ड लीग राउंड-2 और हॉक्स बे कप में अपनी क्षमताओं एवं कमजोरियों को ध्यान में रखकर टीम उनमें सुधार के लिए कठिन मेहनत कर रही है। नवनियुक्त कोच माथियास अहरेंस के मार्गदर्शन में भारतीय महिला हॉकी टीम पूरे उत्साह में है। अहरेंस के लिए भी भारत की ओर से यह पहली बड़ी चुनौती होगी।
युवा स्ट्राइकर अनुराधा देवी ने कहा, 'नए कोच के मार्गदर्शन में यह कुछ नया सीखने का समय है। हमारा मनोबल बढ़ा हुआ है, क्योंकि हमें समझ आ गया है कि विपक्षी टीम की रक्षापंक्तिभेदने के बाद हमें गेंद को अपने कब्जे में बनाए रखने, छोटे-छोटे और सटीक पास देने और मिले छोटे मौके का भी पूरा फायदा उठाने की जरूरत है। भारत को 20 जून को पहले मैच में बेल्जियम से खेलना है।