ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए भारतीय हॉकी टीम की घोषणा
भारतीय हॉकी टीम सरदार सिंह के नेतृृत्व में ऑस्ट्रेलिया दौरे पर जाएगी। टीम की घोषणा कर दी गई है जिसमें 21 सदस्य हैं। 4 से
नई दिल्ली । भारतीय हॉकी टीम सरदार सिंह के नेतृृत्व में ऑस्ट्रेलिया दौरे पर जाएगी। टीम की घोषणा कर दी गई है जिसमें 21 सदस्य हैं। 4 से 9 नवंबर तक टीम ऑस्ट्रेलिया दौरे पर होगी।
भारत ने इंचियोन एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीता था जिसके बाद 6 से 14 दिसंबर तक भुवनेश्वर में होने वाली एफआईएच चैंपियंस ट्रॉफी 2014 की तैयारी के लिए ऑस्ट्रेलिया दौरे का आयोजन किया गया है। चार टेस्ट के अलावा भारत पर्थ हॉकी स्टेडियम में एक नवंबर को ऑस्ट्रेलिया 'ए' के खिलाफ अभ्यास मैच भी खेलेगा।
मेजर ध्यानचंद राष्ट्रीय स्टेडियम में हाल में हुए चयन ट्रायल के आधार पर हॉकी इंडिया की चयन समिति के सदस्य बीपी गोविंदा, हरभजन सिंह और अर्जुन हलप्पा ने मुख्य कोच टैरी वाल्श, कोच ज्यूड फेलिक्स और फिजियोथेरेपिस्ट जिंस थॉमस मैथ्यू के साथ मिलकर टीम का चयन किया।
गोलकीपर पीआर श्रीजेश को दौरे के लिए उप कप्तान बनाया गया है। हरजोत सिंह टीम के दूसरे गोलकीपर होंगे। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पहला टेस्ट 4 नवंबर को खेला जाएगा जबकि बाकी मैच पांच, आठ और नौ नवंबर को होंगे। हॉकी इंडिया के अध्यक्ष नरेंद्र बत्रा ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेलना रोमांचक मुकाबला होगा और मुझे यकीन है कि दोनों टीमें अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास करेंगी और एक दूसरे के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करेंगी।
टीम : गोलकीपर : पीआर श्रीजेश, हरजोत सिंह। डिफेंडर : गुरबाज सिंह, रपिंदर पाल सिंह, वीआर रघुनाथ, बीरेंद्र लाकडा, कोथाजीत सिंह, गुरजिंदर सिंह, हरबीर सिंह संधू। मिडफील्डर : मनप्रीत सिंह, एसके उथप्पा, सरदार सिंह (कप्तान), धर्मवीर सिंह, दानिश मुज्तबा, सतबीर सिंह। फॉरवर्ड : निकिन थिमैया, एसवी सुनील, मनदीप सिंह, आकाशदीप सिंह, रमनदीप सिंह, ललित उपाध्याय।