अजलान शाह कप: फाइनल में जगह बनाने के इरादे से उतरेगा भारत
फाइनल से एक जीत दूर भारतीय हॉकी टीम मलेशिया के खिलाफ शुक्रवार को अजलान शाह कप के दिलचस्प मुकाबले में आत्ममुग्धता से बचते हुए खेलेगी।
इपोह, प्रेट्र। फाइनल से एक जीत दूर भारतीय हॉकी टीम मलेशिया के खिलाफ शुक्रवार को अजलान शाह कप के दिलचस्प मुकाबले में आत्ममुग्धता से बचते हुए खेलेगी। गत चैंपियन ऑस्ट्रेलिया को जापान के खिलाफ सिर्फ एक ड्रॉ की जरूरत है और भारत को बखूबी पता है कि मलेशिया के खिलाफ चूक उन पर भारी पड़ेगी। ऐसे में ब्रिटेन फाइनल में जगह बना लेगा। भारत को ब्रिटेन पर सिर्फ एक गोल का फायदा है। ब्रिटेन को आखिरी लीग मैच न्यूजीलैंड से खेलना है।
विश्व चैंपियन ऑस्ट्रेलिया दस अंक लेकर शीर्ष पर है। भारत, ब्रिटेन और न्यूजीलैंड के सात-सात अंक हैं, लेकिन गोल औसत के मामले में भारत आगे है। न्यूजीलैंड अगर ब्रिटेन को हराता है और भारत मलेशिया से हार जाता है तो न्यूजीलैंड फाइनल में पहुंच सकता है।
भारतीय टीम आखिरी लीग मैच खेलेगी लिहाजा उसे समीकरण पता होंगे, लेकिन ज्यादा गोलों की जरूरत होने पर स्ट्राइकरों को बेहतर प्रदर्शन करना होगा। अभी तक सिर्फ मंदीप सिंह और आकाशदीप सिंह ही सर्कल के भीतर खतरनाक साबित हुए हैं। मनदीप ने जापान के खिलाफ बुधवार को हैट्रिक बनायी थी।
भारतीय टीम गोलों के लिए अपने पेनाल्टी कॉर्नर विशेषज्ञों रुपिंदर पाल सिंह और हरमनप्रीत सिंह पर ही निर्भर रही है। विश्व रैंकिंग में अपने से दस पायदान नीचे 16वें स्थान पर काबिज जापान के खिलाफ भारत बुधवार को अप्रत्याशित हार से बचा और दो बार पिछडऩे के बाद 4-3 से जीत हासिल की।
कोच रोलेंट ओल्टमैंस ने टीम को चेताया है कि मलेशिया खतरनाक प्रतिद्वंद्वी साबित हो सकती है। उन्होंने कहा, 'मलेशिया बहुत अच्छी टीम है। किसी भी प्रतिद्वंद्वी को हल्केमें नहीं लिया जा सकता। जापान ने हमें चुनौती दी, लेकिन हम कल (शुुक्रवार) की चुनौती के लिए तैयार हैं। 2020 टोक्यो ओलंपिक की तैयारी में जुटी जापानी टीम ने भारत को चुनौती दी। टोक्यो ओलंपिक में बतौर मेजबान जापान को सीधा प्रवेश मिला है। भारतीय टीम को मालूम है कि मलेशिया इससे कठिन प्रतिद्वंद्वी साबित हो सकती है।
मेजबान मलेशिया भारत के खिलाफ प्रतिष्ठा के लिए खेलेगा। जापान के खिलाफ ड्रॉ से आगाज करने वाली मलेशियाई टीम लगातार तीन मैच हार गयी। बुधवार को न्यूजीलैंड से मिली हार के बाद वह कांस्य पदक के प्लेऑफ मुकाबले से भी बाहर हो गयी। ऐसे में भारत को हराकर वह सम्मान के साथ विदा लेना चाहेगी।