Move to Jagran APP

सैग खेलों में भारत की स्वर्णिम शुरुआत

भारतीय खिलाड़ियों ने 12वें दक्षिण एशियाई खेलों (सैग) में शानदार शुरुआत करते हुए शनिवार को आठ स्वर्ण पदक सहित कुल 13 पदक जीते। भारत को पहला स्वर्ण पदक साइकिलिस्टों ने दिलाया। साइकिलिंग में दो पीले तमगे और दो रजत जीतने के अलावा वेटलिफ्टिंग में भी भारत ने दो स्वर्ण पदक

By ShivamEdited By: Published: Sat, 06 Feb 2016 07:10 PM (IST)Updated: Sat, 06 Feb 2016 07:36 PM (IST)
सैग खेलों में भारत की स्वर्णिम शुरुआत

गुवाहाटी। भारतीय खिलाड़ियों ने 12वें दक्षिण एशियाई खेलों (सैग) में शानदार शुरुआत करते हुए शनिवार को आठ स्वर्ण पदक सहित कुल 13 पदक जीते। भारत को पहला स्वर्ण पदक साइकिलिस्टों ने दिलाया। साइकिलिंग में दो पीले तमगे और दो रजत जीतने के अलावा वेटलिफ्टिंग में भी भारत ने दो स्वर्ण पदक झटके।

loksabha election banner

साइकिलिस्टों ने किया क्लीनस्वीप : भारतीय साइकिलिस्टों ने पहले दिन दांव पर लगे दोनों स्वर्ण और रजत पदक जीतकर क्लीनस्वीप किया। पुरुषों की 40 किमी व्यक्तिगत टाइम ट्रायल स्पर्धा में अरविंद पंवार ने 53 मिनट और 28 सेकेंड के साथ स्वर्ण, जबकि उनके साथी मंजीत सिंह ने 54 मिनट 1.183 सेकेंड के साथ रजत पदक जीता। श्रीलंका के जानका हेमंथा कुमार ने कांस्य पदक जीता। इससे पहले महिलाओं की 30 किमी व्यक्तिगत टाइम ट्रायल में स्पर्धा में बिद्यालक्ष्मी ने 49 मिनट 24 सेकेंड के समय के साथ पीला तमगा जीतकर भारत का खाता खोला। चाओबा देवी ने 49 मिनट 31 सेकेंड के समय के साथ रजत पदक जीता। पाकिस्तान की साहिबा बीबी ने कांस्य हासिल किया। भारत ने ढाका में हुए पिछले खेलों में साइकिलिंग में तीन स्वर्ण और एक रजत पदक जीता था।

- मीराभाई ने रिकॉर्ड के साथ जीता सोना:

2014 कॉमनवेल्थ गेम्स की रजत पदक विजेता वेटलिफ्टर मीराभाई चानू (48 किग्रा) ने सैग खेलों के रिकॉर्ड के साथ पीला तमगा जीता। उन्होंने कुल 169 किग्रा ( स्नैच में 79 और क्लीन एंड जर्क में प्लस 90) भार उठाया। श्रीलंका की दिनूशा हंसनी ने रजत और बांग्लादेश की मोला ने कांसा जीता। महिला वेटलिफ्टिंग को पहली बार इन खेलों में शामिल किया गया है। पुरुष वर्ग में गुरुराज (56 किग्रा) ने कुल 241 किग्रा भार उठाकर स्वर्ण पदक जीता। श्रीलंका के चातुरंगा लकमल ने रजत और पाकिस्तान के अब्दुल्ला गाफूर ने कांस्य पदक जीता।

- तीरंदाजों ने पक्के किए चार स्वर्ण व चार रजतः

दीपिका कुमारी की अगुआई में भारतीय तीरंदाजों ने व्यक्तिगत रिकर्व और कंपाउंड में शानदार प्रदर्शन करते हुए चार स्वर्ण और इतने ही रजत पदक पक्के कर लिए हैं।

सैग खेलों के पूर्व चैंपियन तरुणदीप राय व गुरुचरण और दुनिया की पूर्व नंबर एक तीरंदाज दीपिका कुमारी और बोंबयला देवी लैशराम ने क्रमश: पुरुष और महिला वर्ग में रिकर्व स्पर्धा के फाइनल में पहुंचकर दो स्वर्ण व दो रजत पक्के किए। कंपाउंड वर्ग में अभिषेक वर्मा और रजत चौहान ने पुरुष वर्ग में और पुरवशा शिंदे और ज्योति सुरेखा ने महिला वर्ग के खिताबी मुकाबले में जगह बनाकर दो पीले तमगे और दो रजत तय किए। आठ और नौ फरवरी को होने वाले फाइनल में भारतीय ही आमने-सामने होंगे।

खेल जगत की अन्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें

क्रिकेट से जुड़ी खबरों के लिए यहां क्लिक करें


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.