डेविस कप में जीत से भारत ने विश्व ग्रुप प्ले ऑफ में बनाई जगह
भारत ने सितंबर में होने वाले विश्व ग्रुप प्ले ऑफ के लिए क्वालीफाई कर लिया।
बेंगलुरु, पीटीआइ। रोहन बोपन्ना और एन श्रीराम बालाजी की जोड़ी ने शनिवार को यहां एशिया-ओसियाना जोन ग्रुप-1 डेविस कप मुकाबले के दूसरे दिन भारत को उज्बेकिस्तान के खिलाफ 3-0 की अजेय बढ़त दिला दी। इस जीत के साथ भारत ने सितंबर में होने वाले विश्व ग्रुप प्ले ऑफ के लिए क्वालीफाई कर लिया।
हालांकि इस मुकाबले के लिए भारत का प्रतिद्वंद्वी अभी तय नहीं हुआ है। इसका फैसला लंदन में ड्रॉ के बाद किया जाएगा। बोपन्ना और डेविस कप में पदार्पण करने वाले श्रीराम की भारतीय जोड़ी ने डबल्स मुकाबले में उज्बेकिस्तान के फारूख दुस्तोव और संजार फायजीव की जोड़ी को 6-2, 6-4, 6-1 से शिकस्त दी।
उज्बेकिस्तान को मुकाबले में बने रहने के लिए हर सूरत में डबल्स मैच जितना था, लेकिन भारतीय जोड़ी ने उन्हें कोई मौका नहीं दिया। इससे पहले शुक्रवार को रामकुमार रामनाथन और प्रजनेश गुणेश्वरन ने दोनों सिंगल्स मुकाबलों में क्रमश: तैमूर इस्माइलोव और फायजीव को आसानी से हराकर भारत को 2-0 की बढ़त दिलाई थी। शुक्रवार के रिवर्स सिंगल्स मुकाबले अब महज औपचारिकता रह गए हैं, क्योंकि इनका नतीजों पर कोई असर नहीं पड़ेगा और यह बेस्ट ऑफ थ्री सेट के होंगे।
लगातार चौथी बार प्ले ऑफ में भारत
भारत ने लगातार चौथी बार विश्व ग्रुप प्ले ऑफ के लिए क्वालीफाई किया। पिछले तीन बार प्ले ऑफ में वह शीर्ष टीम सर्बिया से (2014, बेंगलुरु), चेक गणराज्य (2015, दिल्ली) और स्पेन (2016, दिल्ली) से हार गया था। टीम के कप्तान के रूप में यह महेश भूपति की शानदार शुरुआत है। उन्होंने बोपन्ना को अनुभवी लिएंडर पेस पर तरजीह दी थी। पेस डेविस कप इतिहास में सर्वाधिक डबल्स जीत का विश्व रिकॉर्ड बनाने से सिर्फ एक जीत दूर हैं।
बालाजी ने नेट पर दिखाया अच्छा खेल
बालाजी और बोपन्ना ने अच्छी सर्विस की जबकि बालाजी ने नेट पर भी अच्छा खेल दिखाया। भारतीय जोड़ी ने 16 ऐस लगाए जबकि विरोधी जोड़ी एक ही ऐस लगा सकी। भारतीय जोड़ी ने विरोधी के 62 प्रतिशत की तुलना में पहली सर्विस पर 92 प्रतिशत अंक बनाए। दूसरी सर्विस में भी मेजबान जोड़ी की जीत का प्रतिशत 94 रहा। भारतीय जोड़ी ने अपनी लंबाई का फायदा उठाते हुए अच्छा उछाल हासिल किया। दोनों ने फायजीव को निशाना बनाया। उज्बेकिस्तान के इस खिलाड़ी ने पहले सेट में दो बार और फिर तीसरे सेट में भी अपनी सर्विस गंवाई।
दुस्तोव ने बोपन्ना को दी कड़ी टक्कर
दुस्तोव ने कड़ी टक्कर दी, लेकिन उन्होंने भी दूसरे सेट के दसवें गेम में अपनी सर्विस गंवाई। दूसरे सेट में कड़ी टक्कर देखने को मिली। नौवें गेम तक खिलाड़ियों ने अपनी सर्विस बचाई, लेकिन दुस्तोव ने इसके बाद अपनी सर्विस गंवाई। दुस्तोव ने 15-30 पर डबल फॉल्ट किया जिससे भारतीय जोड़ी को दो ब्रेक पॉइंट मिले। बोपन्ना के शानदार रिटर्न को इसके बाद दुस्तोव ने नेट पर उलझाकर अपनी सर्विस गंवा दी। तीसरे सेट में उज्बेकिस्तान की जोड़ी कोई टक्कर नहीं दे पाई। बोपन्ना और बालाजी ने डबल ब्रेक के साथ 3-0 की बढ़त बनाई और फिर आसानी से सेट और मैच जीत लिया।