इस बार एफआईएच पुरस्कारों में खाली रही भारतीय झोली
इस बार अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ के पुरस्कार वितरण समारोह में भारतीय झोली खाली रही।
चंडीगढ़। अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ (एफआईएच) के पुरस्कार वितरण समारोह में भारतीय झोली खाली रही। वर्ष 2016 के सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर की दौड़ में शामिल भारतीय कप्तान पीआर श्रीजेश को इसमें निराशा मिली है। वहीं सर्वश्रेष्ठ उदीयमान खिलाड़ी के पुरस्कार की दौड़ में शामिल हरमनप्रीत सिंह की झोली भी खाली रही।
खेलों के इतिहास में पहली बार सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों, गोलकीपरों, उदीयमान सितारों, कोचों और अंपायरों को एक रंगारंग में पुरस्कार दिए गए। बेल्जियम टीम के कप्तान जॉन डोमैन और नीदरलैंड्स की नाओमी वान एस को सर्वश्रेष्ठ पुरुष व महिला खिलाड़ी के पुरस्कार से नवाजा है। ब्रिटेन की मैडी हिच को वर्ष की सर्वश्रेष्ठ महिला गोलकीपर का पुरस्कार मिला। वहीं आयरलैंड के डेविड हर्टे लगातार दूसरी बार वषर्ष के सर्वश्रेष्ठ पुरुष गोलकीपर चुने गए। आर्थर वान डोरेन को वर्ष का सर्वश्रेष्ठ उदीयमान खिलाड़ी चुना गया। महिला वर्ग में यह पुरस्कार अर्जेंटीना की मारिया ग्रानाटो को मिला। वह चैंपियंस ट्रॉफी 2016 में भी सर्वश्रेष्ठ जूनियर खिलाड़ी चुनी गई थी जिसमें उनकी टीम ने खिताब जीता था। वर्ष के सर्वश्रेष्ठ कोच के पुरस्कार पुरुष और महिला दोनों वर्ग में ब्रिटेन को मिले। पुरुष वर्ग में डैनी कैरी और महिला वर्ग में कारेन ब्राउन ने यह पुरस्कार जीता। वर्ष के सर्वश्रेष्ठ पुरुष अंपायर का पुरस्कार जर्मनी के क्रिस्टियन ब्लाश और महिला वर्ग में बेल्जियम की लौरिन डेनफोर्ज को मिला।