युवाओं से उम्मीद, खेल में बनाएंगे अपना भविष्य : सानिया
लगातार तीसरी बार डब्ल्यूटीए खिताब जीतने के बाद दुनिया की नंबर एक युगल खिलाड़ी बनी सानिया मिर्जा उम्मीद करतीं है कि उनकी यह उपलब्धि देश के और ज्यादा युवाओं को खेल में अपना पेशा बनाने के लिए प्रेरित करेगी।
हैदराबाद। लगातार तीसरी बार डब्ल्यूटीए खिताब जीतने के बाद दुनिया की नंबर एक युगल खिलाड़ी बनी सानिया मिर्जा उम्मीद करतीं है कि उनकी यह उपलब्धि देश के और ज्यादा युवाओं को खेल में अपना पेशा बनाने के लिए प्रेरित करेगी।
सानिया खिताब जीतने के बाद हैदराबाद पहुंची जहां पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि दुनिया में नंबर एक का ताज मिलने के बाद घर लौटना बेहद शानदार अनुभव है। इसे पाने के लिए कड़ी मेहनत और ढेर सारे बलिदान किए हैं।
मंगलवार रात हैदराबाद पहुंची सानिया का यहां बेहद गर्मजोशी से स्वागत किया गया। सानिया को उम्मीद है कि देश की युवतियां और महिलाएं उनसे और हाल ही में कुछ समय के लिए नंबर वन रही साइना नेहवाल से प्रेरित होकर खेल को अपना करियर बनाएंगी।
उनके अनुसार-'मैंने और साइना नेहवाल ने यह कर दिखाया है और मैं उम्मीद करती हूं कि खेल इस देश में एक करियर के रूप में सामने आएगा। उल्लेखनीय है कि सानिया इस खिताबी जीत के बाद मंगलवार को यहां शुरू हुए फेड कप में भाग लेने पहुंची हैं।