हॉकी वर्ल्ड लीग: भारत का क्वार्टर फाइनल में सामना मलेशिया से
सरदार सिंह की अगुआई वाली भारतीय हॉकी टीम बुधवार को हॉकी वर्ल्ड लीग सेमीफाइनल्स के क्वार्टर फाइनल मुकाबले में मलेशिया के खिलाफ जीत दर्ज कर खुद को टूर्नामेंट में बनाए रखना चाहेगी। साथ ही भारतीय टीम पिछली हार का बदला भी चुकता करना चाहेगी।
एंटवर्प। सरदार सिंह की अगुआई वाली भारतीय हॉकी टीम बुधवार को हॉकी वर्ल्ड लीग सेमीफाइनल्स के क्वार्टर फाइनल मुकाबले में मलेशिया के खिलाफ जीत दर्ज कर खुद को टूर्नामेंट में बनाए रखना चाहेगी। साथ ही भारतीय टीम पिछली हार का बदला भी चुकता करना चाहेगी।
भारत को अंतिम लीग मैच में ऑस्ट्रेलिया के हाथों करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा था। भारतीय डिफेंडरों ने मैच में विश्व चैंपियन ऑस्ट्रेलिया से छह गोल खाए थे। मलेशिया के खिलाफ भारत को गलतियों से सबक लेते हुए अपने डिफेंस को मजबूत करना होगा। मलेशिया ने दो माह पहले अजलान शाह कप में एशियन गेम्स की चैंपियन भारतीय टीम को 3-2 से पराजित किया था। इस जीत से उसका मनोबल बढ़ा हुआ होगा। रियो ओलंपिक का टिकट कटवाने के लिए मलेशिया मुकाबला जीतने के लिए जी जान लगा देगा। भारत पिछले साल ही इंचियोन एशियन गेम्स में खिताब जीतकर पहले ही ओलंपिक के लिए क्वालीफाई कर चुका है। लेकिन वह विश्व लीग फाइनल जीतना चाहेगा जोकि दिसंबर में भारत में ही होगा।
भारतीय आक्रमण का दारोमदार एक बार फिर रमनदीप सिंह पर होगा। अब तक कुल चार गोल दाग चुके रमनदीप इस टूर्नामेंट में सर्वाधिक गोल करने के मामले में शीर्ष चार में शामिल हैं। ऐसे में मलेशियाई खिलाड़ियों की कोशिश उन्हें रोकने की होगी। भारतीय मिडफील्ड की जिम्मेदारी हमेशा की तरह कप्तान सरदार सिंह के कंधों पर होगी।