हीना सिद्धू ने शूटिंग में जीता कांस्य पदक, भारत के हाथ लगे सात पदक
भारत ने इस प्रतियोगिता में कुल एक स्वर्ण, दो रजत और चार कांस्य पदक जीते।
प्लेजेन (चेक गणराज्य), आइएएनएस। भारत की अग्रणी निशानेबाज हीना सिद्धू ने 48वें ग्रां प्रि ऑफ लिबरेश्न प्लेजेन शूटिंग चैंपिनयशिप में महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में कांस्य पदक जीता है।
हीना ने रविवार को फाइनल में पहुंची आठ महिलाओं के बीच हुए मुकाबले में 218.8 अंक हासिल किए। रियो ओलंपिक में इस स्पर्धा का स्वर्ण पदक जीतने वालीं ग्रीस की एना कोराकाकी ने यहां भी बेहतरीन प्रदर्शन कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
उनके अलावा, जर्मनी की 21 साल की स्टार मिशेल स्कीयर्स ने इस स्पर्धा में दूसरा स्थान हासिल कर रजत पदक जीता। भारत की एक अन्य निशानेबाज श्री निवेथा पी. ने फाइनल में जगह बनाई थी, लेकिन वह 198.7 अंकों के साथ चौथा स्थान ही हासिल कर सकीं।
भारत ने इस प्रतियोगिता में कुल एक स्वर्ण, दो रजत और चार कांस्य पदक जीते।