प्रो रेसलिंग लीग: शादी के बाद दंगल के लिए तैयार गीता
शादी के तुरंत बाद पहलवान गीता फोगाट एक बार फिर दमखम दिखाने को तैयार है।
अनुराग अग्रवाल, चंडीगढ़। शादी के तुरंत बाद पहलवान गीता फोगाट एक बार फिर दमखम दिखाने को तैयार है। सोमवार से दिल्ली में शुरू हो रही प्रो रेसलिंग लीग (पीडब्ल्यूएल) को गीता हल्के में नहीं ले रही हैं। उन्हें 4 जनवरी को ट्यूनिशिया की मारवा अमरी के खिलाफ अपना पहला मुकाबला खेलना है। मारवा ओलंपिक में कांसा जीतने वाली पहली अफ्रीकी महिला पहलवान हैं। फिल्म दंगल से मशहूर हुई गीता और उनकी बहन बबीता लीग में उत्तर प्रदेश दंगल टीम का प्रतिनिधित्व करेंगी। पेश है गीता से बातचीत के प्रमुख अंश...
प्रश्न : शादी के तुरंत बाद पीडब्ल्यूएल के लिए खुद को कितना तैयार समझती हैं?
गीता : लंबे समय तक चली स्पोर्ट्स इंजरी के बाद मैदान पर उतरूंगी। इसमें संदेह नहीं कि शादी की वजह से तैयारियों पर मामूली असर पड़ा है। लेकिन मैं पूरी तरह से फिट हूं और खूब लडूंगी।
प्रश्न : लीग में छह टीमें हैं। अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी भी होंगे। मैट पर उतरने का आपका गैप भी लंबा हो गया?
गीता : मैं किसी को कम आंककर नहीं चलती। भले ही साक्षी मलिक हों या फिर मारवा। इसमें अधिकतर ओलंपियन ही होंगे। हर खिलाड़ी चुनौती दे सकता है। पिता की कोचिंग में मैंने पूरी तैयारी कर रखी है।
प्रश्न : क्या शादी के बाद अगले ओलंपिक की तैयारियों पर कोई असर पड़ेगा?
गीता : दरअसल, लीग ऐसा प्लेटफार्म है, जहां लड़कर खुद की कमियों का पता चल जाएगा। यदि कोई कमी सामने आई तो उसे दूर करने पर फोकस रहेगा। ओलंपिक तो खेलना ही है।
प्रश्न : आपकी तीसरी बहन रितु जयपुर निंजास की तरफ से मैदान में हैं। उन्हें 36 लाख रुपये में खरीदा गया। आपकी व बबीता की कीमत 16-16 लाख लगी?
गीता : रितु उभरती खिलाड़ी हैं। उसमें दम है। टोक्यो ओलंपिक (2020) में हम उसे स्वर्ण पदक की दावेदार के रूप में देख रहे हैं।
प्रश्न : दिल्ली की ओर से खेल रही रियो ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता साक्षी मलिक को लेकर कोई दबाव?
गीता : मैं साक्षी को हराने को बेताब हूं। हमारा मुकाबला कब होगा उसकी तारीख का पता नहीं है।
प्रश्न : हरियाणा सरकार ने आपको हाल ही में डीएसपी बनाया। क्या आपने ज्वाइन कर लिया?
गीता : कुछ औपचारिकताएं पूरी होनी बाकी हैं। जल्द ही ज्वाइन करूंगी। यह पहला मौका है, जब किसी सरकार ने 12-13 साल बाद सम्मान दिया। मैट दिए। मेरे पिता को मेरे साथ रहने देने की अनुमति भी सरकार देगी।