जकार्ता करेगा 2018 एशियन गेम्स की मेजबानी
इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता 2018 में होने वाले अगले एशियन गेम्स की मेजबानी करेगी। पहले यह खेल वियतनाम में होने थे, लेकिन वित्तीय समस्या के
इंचियोन। इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता 2018 में होने वाले अगले एशियन गेम्स की मेजबानी करेगी। पहले यह खेल वियतनाम में होने थे, लेकिन वित्तीय समस्या के चलते उसने अपना नाम वापस ले लिया। इसके बाद इंडोनेशिया को इसकी मेजबानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। एशिया ओलंपिक परिषद (ओसीए) के अध्यक्ष ने बुधवार को यह जानकारी दी।
शेख अहमद अल-फहद अल-सबा ने कहा कि दक्षिण कोरिया में शनिवार को हुई ओसीए की महासभा में इस पर औपचारिक निर्णय किया गया था। इसमें यह बहुस्पर्धी खेल जकार्ता में करवाने के लिए समझौता पत्र पर हस्ताक्षर किए गए। उन्होंने कहा कि हनोई ने यह खेल आयोजित न करवा पाने की अपनी समस्या ओसीए के सामने रखी थी। उन्होंने कहा कि एक महीना पहले ही इंडोनेशिया एशिया गेम्स की मेजबानी के लिए राजी हुआ। हालांकि 18वें खेल 2019 में होने थे, लेकिन इंडोनेशिया में इसी वर्ष राष्ट्रपति के चुनाव होने के कारण यह एक साल पहले आयोजित किए जाएंगे। इससे पहले जकार्ता 1962 में भी इन खेलों की मेजबानी कर चुका है।