अंडर-17 फुटबॉल टीम के कोच बने डी माटोस
एआइएफएफ ने इस साल भारत की मेजबानी में होने वाले फीफा अंडर-17 विश्व कप को ध्यान में रखते हुए डी माटोस को नियुक्त किया है।
नई दिल्ली, प्रेट्र। पुर्तगाल के लुइस नार्टन डी माटोस बुधवार को भारतीय अंडर-17 फुटबॉल टीम के मुख्य कोच बन गए हैं। अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआइएफएफ) ने इस साल भारत की मेजबानी में होने वाले फीफा अंडर-17 विश्व कप को ध्यान में रखते हुए डी माटोस को नियुक्त किया है।
डी माटोस पूर्व कोच निकोलाई एडम की जगह लेंगे, जिन्हें विवादस्पद परिस्थितियों के कारण अपने पद से इस्तीफा देना पड़ा था। डी माटोस ने पुर्तगाल के लिए पांच मैच खेले हैं।
खेल जगत की अन्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें
एआइएफएफ की सलाहकार समिति और भारतीय खेल प्राधिकरण (साइ) के प्रतिनिधियों के साथ बैठक करने के बाद माटोस मंगलवार को एआइएफएफ के अध्यक्ष प्रफुल पटेल से मिलने मुंबई पहुंचे थे। पटेल ने कहा, 'माटोस को भारतीय टीम का कोच नियुक्त करना खुशी की बात है। युवा खिलाडि़यों को प्रशिक्षण देने का उनका अनुभव हमारी अंडर-17 टीम के लिए फायदेमंद होगा। हम अंडर-17 विश्व कप में अपनी सबसे मजबूत टीम उतारने के लिए तैयारियों में कोई कोर-कसर बाकी नहीं रखना चाहते।'
डी माटोस अपने देश पुर्तगाल में अनेक क्लबों के कोच रह चुके हैं। इसके अलावा वह 2010 से 2012 के बीच गिनी बिसाऊ की राष्ट्रीय टीम के मुख्य कोच भी रहे। 63 वर्षीय डी माटोस ने कहा, 'मैं खिलाडि़यों को हर भूमिका के लिए तैयार करूंगा। मैं एआइएफएफ की सराहना करता हूं और फीफा अंडर-17 विश्व कप भारत में फुटबॉल के विकास की शुरुआत का काम करेगा। देश को योगदान देने के लिए खिलाडि़यों को खुद में विश्वास बनाए रखने की जरूरत है।'