आइएसएल: विजय अभियान जारी रखने उतरेगी एटलेटिको
शुरुआती दोनों मैच जीतकर विजय रथ पर सवार एटलेटिको डी कोलकाता रविवार को जब इंडियन सुपर लीग (आइसीएल) में अपने घरेलू मैदान पर दिल्ली डायनमोज
विशाल श्रेष्ठ, कोलकाता। शुरुआती दोनों मैच जीतकर विजय रथ पर सवार एटलेटिको डी कोलकाता रविवार को जब इंडियन सुपर लीग (आइसीएल) में अपने घरेलू मैदान पर दिल्ली डायनमोज एफसी के खिलाफ उतरेगा तो उसकी निगाहें जीत की हैट्रिक लगाने पर होंगी। वहीं दिल्ली भी अपना खाता खोलने के लिए बेताब होगी।
कोलकाता ने अपने पहले मैच में मुंबई सिटी एफसी को 3-0 से शिकस्त देकर शानदार आगाज किया था। सौरव गांगुली के संयुक्त मालिकाना हक वाली इस टीम ने दूसरे मैच में नार्थ ईस्ट युनाइटेड एफसी को उसी के घर में 2-0 से धोकर अपनी धाक जमा ली है। कोलकाता ने दो मैचों में पांच गोल दागे हैं, जबकि अब तक एक भी गोल नहीं खाया है। इससे पता चलता है कि उसका आक्रमण और रक्षण दोनों ही बेहद मजबूत है। फिकरू टेफेरा लेमेसा जबर्दस्त फॉर्म में हैं। उन्होंने पिछले दोनों मैचों में गोल दागे हैं। दिल्ली के खिलाफ भी टीम को उनसे शानदार प्रदर्शन की उम्मीद है। फिकरू ने खुद भी यह कहकर विरोधी दलों को चेतावनी दे डाली है कि उनका सर्वोत्तम प्रदर्शन आना अभी बाकी है। पहले मैच में गोल करने वाले बोर्जा फर्नांडीज भी पूरे रंग में हैं। मार्की खिलाड़ी लुइस गार्सिया भले अब तक एक भी गोल न कर पाए हों, लेकिन उनके शानदार पास की बदौलत ही कई गोल हुए हैं। शुभाशीष राय चौधरी के रूप में कोलकाता के पास शानदार गोलरक्षक है। हालांंकि कोलकाता की टीम पूरी तरह से विदेशी खिलाडिय़ों पर निर्भर लग रही है। अब तक जितने भी गोल हुए हैं, वे सब विदेशी खिलाडिय़ों ने किए हैं। घरेलू खिलाडिय़ों अर्णब मंडल, संजू प्रधान, बलजीत साहनी और मुहम्मद रफी को भी अच्छा प्रदर्शन करना होगा।
वहीं ,दिल्ली डायनमोज ने पहले मैच में एफसी पुणे सिटी से गोल रहित ड्रॉ खेला था। टीम में इटली के अपने जमाने के स्टार खिलाड़ी डेल पियरो, जीएमडी सैंतोज, हेंस मल्डर और एस हौबेन जैसे विदेशी खिलाडिय़ों के अलावा अनवर अली, गोविन सिंह और नाओबा सिंह जैसे दमदार घरेलू खिलाड़ी भी हैं। दिल्ली की टीम किसी को भी कड़ी चुनौती देने में सक्षम है।