एशियन एथलेटिक्स ग्रा प्रि में अनस और ओमप्रकाश ने जीते स्वर्ण
भारत ने यहां कुल आठ पदक अपने नाम किए।
ताइपे सिटी, प्रेट्र। चार सौ मीटर दौड़ के राष्ट्रीय रिकॉर्डधारी मुहम्मद अनस और शॉटपुटर ओमप्रकाश करहाना ने रविवार को यहां तीसरी और अंतिम एशियन एथलेटिक्स ग्रा प्रि मीट में स्वर्ण पदक जीते। भारत ने यहां कुल आठ पदक अपने नाम किए।
चीन के शहरों में हुए एशियन ग्रा प्रि के शुरुआती दो चरणों के लिए वीजा नहीं पाने वाले अनस ने 45.69 सेकेंड का समय निकालकर इस सत्र का अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में अपना पहला स्वर्ण पदक जीता। हालांकि उनका प्रयास विश्व चैंपियनशिप में प्रवेश दिलाने के लिए नाकाफी रहा। उसके लिए उन्हें 45.50 सेकेंड का समय निकालना था।
पुरुष शॉटपुट स्पर्धा में करहाना 19.58 मीटर की दूरी तय कर पहले स्थान पर रहे। उन्होंने लंबे समय बाद अंतरराष्ट्रीय स्वर्ण पदक जीता है। 30 वर्षीय ओमप्रकाश ने पहले दो चरणों में कांस्य पदक जीते थे। वैसे उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 20.69 मीटर है, जो उन्होंने 2012 में किया था।
खेल जगत की अन्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें
मनप्रीत कौर (महिला शॉटपुट- 17.38 मी.), टिंटू लुका (महिला 800 मी.- दो मिनट, 03.87 सेकेंड), जिंसन जॉनसन (पुरुष 800 मी.-1:51.35 सेकेंड) और दुती चंद (महिला 100 मी.-11.52 सेकेंड) ने भारत को रजत पदक दिलाए। जबकि नीरज चोपड़ा (पुरुष भालाफेंक-79.90 मी.) और एमआर पुवम्मा (महिला 400 मी.-53.11 सेकेंड) ने कांस्य पदक जीते।
भारत ने 24 अप्रैल को पहले चरण में सात पदक (एक स्वर्ण, चार रजत और दो कांस्य) जबकि 27 अप्रैल को दूसरे चरण में छह पदक (एक स्वर्ण, चार रजत और एक कांस्य) जीते थे।