भारतीय बैडमिंटन संघ के अध्यक्ष अखिलेश दासगुप्ता का निधन
भारतीय बैडमिंटन संघ के अध्यक्ष और पूर्व मंत्री अखिलेश दास गुप्ता के निधन पर खेल जगत में शोक छा गया है
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। भारतीय बैडमिंटन संघ के अध्यक्ष और पूर्व मंत्री अखिलेश दास गुप्ता के निधन पर खेल जगत में शोक छा गया है। केंद्रीय खेलमंत्री विजय गोयल, शीर्ष बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल और ज्वाला गट्टा सहित कई हस्तियों ने उनके निधन पर शोक जताया। अखिलेश का बुधवार को लखनऊ में दिल का दौरा पडऩे से निधन हो गया।
गोयल ने ट्वीट किया कि बाइ अध्यक्ष अखिलेश दास के अचानक निधन से स्तब्ध हूं। वह बेहतरीन प्रशासक थे। उनके परिवार और दोस्तों को मेरी सांत्वना। साइना ने लिखा कि यह अविश्वसनीय है। हमारे प्यारे बाइ अध्यक्ष अब नहीं रहे। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे। ज्वाला ने लिखा कि हमारे बैडमिंटन अध्यक्ष के परिवार को मेरी सांत्वना।
अखिलेश दास गुप्ता भारतीय ओलंपिक संघ (आइओए) के उपाध्यक्ष और उत्तर प्रदेश ओलंपिक संघ के अध्यक्ष भी रहे। आइओए सचिव राजीव मेहता ने लिखा कि यह हमारे लिए बेहद दुखद दिन है। आइओए परिवार की तरफ से प्रार्थना करता हूं कि भगवान उनके परिवार को यह दुख सहने की क्षमता दे। डॉक्टर गुप्ता अद्भुत क्षमता के धनी थे भारतीय बैडमिंटन में उनका योगदान अतुलनीय है। आइओए उपाध्यक्ष रहते हुए उन्होंने भारतीय खेलों को आगे बढ़ाने में बहुत काम किया।
कॉमनवेल्थ गेम्स चैंपियन पारुपल्ली कश्यप ने कहा कि मैं यह सुनकर स्तब्ध हूं। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे। 2010 कॉमनवेल्थ गेम्स में बाइ अध्यक्ष वीके वर्मा की गिरफ्तारी के बाद वह इस संघ के अध्यक्ष बने थे। वह 2014 में फिर से सर्वसम्मति से इस पद पर चार साल के लिए निर्वाचित हुए। पिछले साल वह चार साल की अवधि के लिए बैडमिंटन एशिया परिसंघ (बीएसी) के भी उपाध्यक्ष बने। उनके कार्यकाल में भारत ने 2014 थॉमस/ उबेर कप और सुपर सीरीज जैसी बीडब्ल्यूएफ प्रतियोगिताों का आयोजन किया। उनके कार्यकाल में सैयद मोदी अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट को ग्रैंड प्रिक्स का दर्जा मिला। प्रो बैडमिंटन लीग और इंडियन बैडमिंटन लीग शुरू करने में भी उनकी अहम भूमिका थी। भारतीय बैडमिंटन संघ की तरफ से उनके लिए ट्वीट में लिखा गया कि हमारे अध्यक्ष को अंतिम विदाई। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे।