कॉमनवेल्थ गेम्स में 28 साल बाद इंग्लैंड बना नंबर 1
इंग्लैंड पिछले 28 वर्षो में पहली बार कॉमनवेल्थ गेम्स की पदक तालिका में शीर्ष पर रहा। उसने 58 स्वर्ण, 5
ग्लास्गो। इंग्लैंड पिछले 28 वर्षो में पहली बार कॉमनवेल्थ गेम्स की पदक तालिका में शीर्ष पर रहा। उसने 58 स्वर्ण, 59 रजत और 57 कांस्य पदक सहित कुल 174 पदक जीते। ऑस्ट्रेलिया 49 स्वर्ण, 42 रजत और 46 कांस्य सहित कुल 137 पदक लेकर दूसरे स्थान पर रहा। कनाडा 31 स्वर्ण सहित 82 पदक लेकर तीसरे, मेजबान स्कॉटलैंड 19 स्वर्ण सहित 53 पदक जीतकर चौथे और भारत 15 स्वर्ण सहित 64 पदक जीतकर पांचवें स्थान पर रहा।
इससे पहले अपनी बादशाहत रखने वाले ऑस्ट्रेलिया ने आखिरी दिन पुरुष हॉकी और नेटबॉल में स्वर्ण पदक जीते। इंग्लैंड ने दिन की शुरुआत में ही सुनिश्चित कर दिया था कि वह 1986 के बाद पदक तालिका में पहली बार शीर्ष पर रहेगा। बारिश से प्रभावित आखिरी दिन केवल 11 स्वर्ण पदकों का फैसला होना था। लिजी आर्मिस्टीड ने महिला साइकिलिंग रोड रेस में इंग्लैंड का एक और पीला तमगा दिलाया। वेल्स के राइडर गेरेंट थॉमस ने पुरुषों की 168 किमी रोड रेस में स्वर्ण पदक जीता। ऑस्ट्रेलिया ने पुरुष हॉकी के फाइनल में भारत को 4-0 से हराकर स्वर्ण जीता। नेटबॉल में उसकी टीम न्यूजीलैंड से 58-40 से बदला चुकता करने में सफल रही जिसने चार साल पहले दिल्ली में उसे हराया था।