जीतू राय का जलवा, स्वर्ण पर साधा निशाना
भारतीय निशानेबाजों का 20वें कॉमनवेल्थ खेलों में सोना और चांदी लूटो अभियान जारी है। इन खेलों के पांचवें दिन पिस्टल किंग जीतू राय ने जहां 50 मीटर पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण पर निशाना साधा, वहीं गुरपाल सिंह ने रजत पदक पर कब्जा किया। दिल्ली में रिकॉर्ड के साथ चार पीले तमगे जीतने वाले गगन नारंग को रजत पदक से ही
ग्लास्गो। भारतीय निशानेबाजों का 20वें कॉमनवेल्थ खेलों में सोना और चांदी लूटो अभियान जारी है। इन खेलों के पांचवें दिन पिस्टल किंग जीतू राय ने जहां 50 मीटर पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण पर निशाना साधा, वहीं गुरपाल सिंह ने रजत पदक पर कब्जा किया।
दिल्ली में रिकॉर्ड के साथ चार पीले तमगे जीतने वाले गगन नारंग को रजत पदक से ही संतोष करना पड़ा। इन तीन पदकों के साथ ही भारत निशानेबाजी में अब तक कुल 12 पदक जीत चुका है। इनमें चार स्वर्ण, सात रजत और एक कांस्य है। कॉमनवेल्थ खेलों के रिकॉर्ड को ध्वस्त करते हुए फाइनल में स्थान पक्का करने वाले 26 वर्षीय राय ने फाइनल में फाइनल्स गेम्स रिकॉर्ड (एफजीआर) के साथ पहला स्थान हासिल किया। उन्होंने कुल 194.1 अंक बटोरे। जीतू का कॉमनवेल्थ खेलों में यह पहला पदक है। गुरपाल ने 187.2 अंकों के साथ रजत पदक जीता जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उनका पहला पदक है। ऑस्ट्रेलिया के डेनियल रेपाचोली ने 166.6 अंकों के साथ कांस्य पदक जीता।
नारंग 50 मीटर राइफल प्रोन में मात्र 0.7 अंक के अंतर से ऑस्ट्रेलिया के वारेन पोटेंट से स्वर्ण से चूक गए। नारंग ने 20 शॉट के फाइनल राउंड में 203.6 अंक बनाए जबकि स्वर्ण पदक विजेता पोटेंट ने 204.3 अंक हासिल किए। इंग्लैंड के केनेथ पार ने 182 अंकों के साथ कांस्य पदक जीता। एक अन्य भारतीय निशानेबाज जयदीप कर्माकर 617 अंकों के साथ नौवें स्थान पर रहे। नारंग ने कॉमनवेल्थ में पहली बार 50 मीटर राइफल प्रोन में भाग लिया। भारत का 50 मीटर राइफल प्रोन में यह कॉमनवेल्थ खेलों में दूसरा पदक है। इससे पहले संजीव राजपूत ने 2006 मेलबर्न खेलों में इस स्पर्धा में कांस्य पदक जीता था। नारंग आज इन खेलों में नौ स्वर्ण पदक जीतने वाले तीसरे निशानेबाज बनने से चूक गए, लेकिन उनके पास 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन में मौका रहेगा। भारत के जसपाल राणा और इंग्लैंड के माइकल गौल्ट ने कॉमनवेल्थ में नौ-नौ पदक जीते हैं।
हरप्रीत और विजय दौड़ में : पुरुषों की 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल में हरप्रीत सिंह क्वालीफेशन स्टेज एक के बाद शीर्ष पर चल रहे हैं। वहीं इसी स्पर्धा में लंदन ओलंपिक के रजत पदक विजेता विजय कुमार चौथे स्थान पर हैं। ट्रैप में मनशेर सिंह शीर्ष पर हैं तो मानवजीत सिंह संधू तीसरे स्थान पर रहे। दोनों स्पर्धाओं का निर्णय आज होगा।
महिलाओं ने किया निराश:
श्रेयसी सिंह और सीमा तोमर ट्रैप स्पर्धा के सेमीफाइनल में जगह नहीं बना सकीं। वहीं 50 मीटर राइफल प्रोन में मीना कुमारी छठे और लज्जा गोस्वामी 11वें नंबर पर रहीं।