17वें एशियाई खेल का रंगारंग आगाज
17वें एशियाई खेलों का शुभारंभ भव्य समारोह और जोरदार आतिशबाजी के साथ हुआ। उद्घाटन समारोह में चीन की दीवार से लेकर भारत के ताजमहल की
इंचियोन। 17वें एशियाई खेलों का शुभारंभ भव्य समारोह और जोरदार आतिशबाजी के साथ हुआ। उद्घाटन समारोह में चीन की दीवार से लेकर भारत के ताजमहल की झलक भी नजर आई।
दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति पार्क जेन हे के अलावा कई देशों के राष्ट्राध्यक्ष इस कार्यक्रम में मौजूद थे। शुभारंभ अवसर पर दक्षिण कोरियाई लोक संगीत 'पंगमुल्नोरी' के जरिए मेजबान देश की सांस्कृृतिक विरासत को दुनिया के सामने खूबसूरत अंदाज में प्रस्तुत किया गया। इस रंगारंग कार्यक्रम के गवाह स्टेडियम में मौजूद 60 हजार से ज्यादा दर्शकों के साथ दुनियाभर में टीवी पर देख रहे दर्शक भी बने।
'मीट एशिया फ्यूचर' (मिलिए एशिया के भविष्य से) की थीम वाले शुभारंभ समारोह की शुरुआत कोरियाई गायक सोपरानो जो सुमी के 'एशियाड सांग' से हुई। इसमें एशिया के भूत, वर्तमान और भविष्य की एक झलक दिखाने की शानदार कोशिश की गई। इनमें चीन की दीवार से लेकर भारत का ताजमहल प्रमुख रूप से शामिल रहा।
दक्षिण कोरिया और एशिया की सांस्कृृति विरासत की प्रस्तुति के बाद दक्षिण कोरिया के प्रमुख खिलाड़ियों व शख्सियतों द्वारा मेजबान देश का राष्ट्रीय ध्वज स्टेडियम में लाया गया। इसे फहराए जाने के साथ ही मेजबान देश का राष्ट्रगीत पेश किया गया। विभिन्न देशों के मार्चपास्ट में नेपाल का दल सबसे पहले स्टेडियम में पहुंचा। इसके बाद तिमोर ईस्ट के दल की बारी थी।
भारतीय दल का जमकर हुआ स्वागत :
ईरानी दल के बाद जैसे ही हॉकी कप्तान सरदार सिंह की अगुआई में 516 सदस्यीय भारतीय दल ने स्टेडियम में प्रवेश किया तो करतल ध्वनि के साथ उनका स्वागत किया गया। वीआईपी बॉक्स में अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) के सदस्य राजा रणधीरसिंह भी उपस्थित थे।