101 साल की उम्र में भारतीय महिला ने जीता स्वर्ण पदक, बनाया गजब रिकॉर्ड
यह कौर के करियर का 17वां स्वर्ण पदक है।
ऑकलैंड, एएफपी। भारत की बुजुर्ग महिला धावक मन कौर ने 101 साल की उम्र में वर्ल्ड मास्टर्स गेम्स में परचम लहराते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया है। न्यूजीलैंड के ऑकलैंड शहर में आयोजित स्पर्धा में मन कौर ने 100 मीटर की दौड़ में यह मेडल जीता।
यह कौर के करियर का 17वां स्वर्ण पदक है। कौर ने 1.14 मिनट में यह दूरी तय की। इस रेस में 25,000 लोगों ने हिस्सा लिया था और इसमें 100 या उससे ज्यादा उम्र के लोगों में मन कौर अकेली धावक थीं। न्यूजीलैंड के मीडिया में उन्हें 'चंडीगढ़ का आश्चर्य' कहा जा रहा है।
रेस जीतने के बाद कौर ने कहा, 'मुझे इस रेस में खूब मजा आया और मैं इससे बेहद खुश हूं। मैं आगे भी दौड़ना जारी रखूंगी। मैं अभी रुकने वाली नहीं हूं, फुलस्टॉप नहीं आया है।'
आपको बता दें कि कौर ने करीब 8 साल पहले 93 साल की उम्र में दौड़ना शुरू किया था। इसके बाद उन्होंने अपने बेटे के साथ अब तक दुनिया भर में करीब एक दर्जन स्पर्धाओं में हिस्सा लिया है। वह अपने मेडल्स की संख्या को 20 तक पहुंचाना चाहती हैं।
आइपीएल की अन्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें