तीन साल से अपनी मालकिन का इंतजार कर रहा है कुत्ता
पिछले कुछ दिनो से सोशल मीडिया पर एक कुत्ते की फोटो वायरल हो रही है। आप जब इसके पीछे की कहानी सुनेंगे तो आप भी हैरान रह जायेंगे। क्या ऐसा भी होता है।
साउथ कोरिया का है मामला
कुत्ते की यह तस्वीर साउथ कोरिया के बुसान शहर की है। उसका नाम फू शि है। जो इन दिनों पूरे देश में चर्चा का विषय बना हुआ है। एक वेबसाइट की माने तो पिछले तीन साल से यह कुत्ता एक घर के समीप बैठकर अपने मालिक का इंतजार कर रहा है। बताया जाता है कि एक महिला फू शि को अपने घर लेकर आई थी और दोनों काफी समय तक साथ रहे। अचानक एक दिन महिला की तबीयत बिगड़ गई। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां ब्रेन हेमरेज के कारण उसकी मौत हो गई। मालिक की मौत के इतने दिनो बाद भी यह कुत्ता आज भी उस महिला का इंतजार कर रहा है।
आज भी कर रहा है महिला का इंतजार
फू शि हर दिन उस महिला के घर के नीचे पहुंच जाता है। गली की ओर देखकर उसका इंतजार करते रहता है। इतना ही नहीं पिछले कुछ समय से मालिक के गम में फू शि ठीक से खा-पी भी नहीं रहा था। अक्सर उदास रहता था। उसकी ऐसी हालत देखकर लोगों ने एनिमल रेस्क्यू टीम को सूचना दी और उसके बारे में बताया। इसके बाद फू शि को वेटनरी डॉक्टर्स ने जब चेकअप किया तो पता चला कि उसकी उम्र 8 साल है। उसके आंत में कीड़ा हो गया है। जिसके कारण उसकी हालत बिगड़ती जा रही है। कुछ समय तक उसका ट्रीटमेंट चला और वह ठीक हो गया। उसे एक नई फैमिली ने एडॉप्ट कर लिया है। इस नई फैमिली में फू शि को एक नया नाम स्काई मिला।