मोदी सरकार के सबसे बड़े समर्थक हैं युवा, सर्वे में हुअा दावा
दैनिक जागरण ने दो साल के कामकाज पर सर्वे प्रकाशित किया था। इसमें युवा हर मापदंड पर दूसरों की तुलना में मोदी सरकार को ज्यादा नंबर देते हैं।
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। युवाओं में नरेंद्र मोदी सरकार का क्रेज बरकरार है। दैनिक जागरण और हंसा के सर्वे में 18-25 आयु वर्ग के युवा हर मापदंड पर दूसरों की तुलना में मोदी सरकार को ज्यादा नंबर देते हैं। अगर बात पुरुषों और महिलाओं की हो तो अपेक्षाकृत पुरुष आगे बढ़कर सरकार के साथ हैं।
गुरुवार को खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में रैली को संबोधित करते हुए अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाई। वहां मौजूद युवाओं में जो उत्साह दिख रहा था, वह सर्वे में भी परिलक्षित हुआ है।
पढ़ेंः दो साल के दस ऐसे भाषण जिनमें प्रधानमंत्री मोदी ने बांंधा समां
गुरुवार को दैनिक जागरण ने दो साल के कामकाज पर सर्वे प्रकाशित किया था। उसमें तीन आयु वर्ग में बांटकर लोगों से सवाल पूछे गए थे। पहला आयु वर्ग 18-25 का था, दूसरा 26-45 और तीसरा 45 से ऊपर। इसमें भ्रष्टाचार नियंत्रण, काला धन, महंगाई पर काबू, उच्च शिक्षा में सुधार, महिला समानता, रक्षा, सुरक्षा जैसे पंद्रह सवाल पूछे गए थे। युवाओं ने हर वर्ग में आगे बढ़-चढ़कर मोदी सरकार को नंबर दिया है। कोई भी ऐसा मापदंड नहीं है जिसमें युवा मोदी सरकार के पक्ष में सबसे आगे न खड़े हों। उनका कुल औसत लगभग 42 फीसद है जो मानते हैं कि सरकार ने बहुत अच्छा काम किया है। करीब इतने ही युवा यह भी मानते हैं कि प्रदर्शन अच्छा है।
पढ़ेंः मोदी सरकार के पूरे हुए दो साल, जानें- किन-किन योजनाओं ने किया कमाल
लगभग यही ट्रेंड तब नजर आता है जब पुरुषों और महिलाओं की बात की जाए। लोकसभा चुनाव के दौरान महिलाओं ने भी जमकर भाजपा के लिए वोट किया था। सरकार महिलाओं के लिए कुछ विशेष कार्यक्रम भी चला रही है। लेकिन रोचक है कि महिला समानता को लेकर उठाए गए कदमों पर भी महिला से ज्यादा पुरुष संतुष्ट हैं। पर बात सरकार के दो साल के कामकाज को लेकर संतुष्टि की आई तो महिलाएं पुरुषों से थोड़ी पीछे हैं। 17 राज्यों में औसतन 36 फीसद महिलाएं सरकार के कामकाज से पूरी तरह संतुष्ट हैं। इससे थोड़ी कम महिलाओं ने माना है कि काम ठीक हो रहा है लेकिन अपेक्षा कुछ ज्यादा है। जबकि कामकाज को बहुत अच्छा मानने वाले पुरुषों का औसत लगभग 42 है।