बकरी की जान बचाने को मगरमच्छ से लड़ गया बालक
बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले में बकरियों को बचाने के लिए एक बालक मगरमच्छ से भिड़ गया। मगरमच्छ ने बकरी छोड़ 10 वर्षीय हरिराम कुमार पर हमला बोल दिया। मगरमच्छ के डर के कारण साथ के अन्य बच्चे मदद को आगे नहीं आए, लेकिन हरिराम ने हिम्मत नहीं हारी और मगरमच्छ की आंखों में अंगुली घुसा दी।
पश्चिमी चंपारण। बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले में बकरियों को बचाने के लिए एक बालक मगरमच्छ से भिड़ गया। मगरमच्छ ने बकरी छोड़ 10 वर्षीय हरिराम कुमार पर हमला बोल दिया। मगरमच्छ के डर के कारण साथ के अन्य बच्चे मदद को आगे नहीं आए, लेकिन हरिराम ने हिम्मत नहीं हारी और मगरमच्छ की आंखों में अंगुली घुसा दी। हमले से घबराया मगरमच्छ बच्चे को छोड़ पानी में कूद गया।
जिले के वाल्मीकिनगर स्थित भेड़िहारी थारू टोला निवासी तिलक मुखिया का पुत्र हरिराम कुमार बकरी चराने तिरहुत नहर गया था। तभी नहर से एक विशाल मगरमच्छ निकला और एक बकरी को पकड़ लिया। हरिराम ने बकरी को छुड़ाने का प्रयास किया तो मगरमच्छ ने उस पर हमला बोल दिया, जिसमें उसके हाथ पर गंभीर जख्म हो गया और खून की धार निकल पड़ी। बावजूद इसके हरिराम ने हिम्मत नहीं हारी और वीरता व बुद्धिमानी से खुद को मगरमच्छ के चुंगल से आजाद करा लिया। उसने जख्मों की परवाह न करते हुए दूसरे हाथ की अंगुली मगरमच्छ की आंख में घुसा दी। दर्द से बिलबिलाया मगरमच्छ उसे छोड़ पानी में भाग गया। आनन-फानन में हरिराम को प्राथमिक उप स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। घायल हरिराम कक्षा छह का छात्र है।