योगेश्वर की खेल भावना का कायल हुआ देश,दिवंगत रूसी पहलवान के पक्ष में उतरे
2012 लंदन ओलंपिक के दौरान कांस्य पदक हासिल करने वाले पहलवान योगेश्वर दत्त ने बेहतरीन खिलाड़ी का जज्बा दिखाते हुए एक ट्वीट से सबका दिल जीत लिया है।
नई दिल्ली (जेएनएन)। 2012 लंदन ओलंपिक के दौरान कांस्य पदक हासिल करने वाले पहलवान योगेश्वर दत्त ने बेहतरीन खिलाड़ी का जज्बा दिखाते हुए एक ट्वीट से सबका दिल जीत लिया है। लंदन ओलंपिक में रजत पदक जीतने के बाद डोपिंग में फंसे रूसी पहलवान के बारे में योगेश्वर ने ट्वीट करके कहा है, 'बेसिक कुदुखोव शानदार पहलवान थे। उनका मृत्यु के पश्चात डोप टेस्ट में फेल हो जाना दुखद है। मैं खिलाड़ी के रूप में उनका सम्मान करता हूूं।'
Besik Kudukhov शानदार पहलवान थे। उनका मृत्यु के पश्चात dope test में fail हो जाना दुखद हैं। मैं खिलाड़ी के रूप में उनका सम्मान करता हूँ।
— Yogeshwar Dutt (@DuttYogi) August 31, 2016
उन्होंने इसके अगले ट्वीट में कहा है, 'अगर हो सके तो ये मेडल उन्हीं के पास रहने दिया जाए। उनके परिवार के लिए भी सम्मानपूर्ण होगा। मेरे लिए मानवीय संवेदना सर्वोपरि है।'
अगर हो सके तो ये मेडल उन्ही के पास रहने दिया जाए। उनके परिवार के लिए भी सम्मानपूर्ण होगा। मेरे लिए मानवीय संवेदना सर्वोपरि है।
— Yogeshwar Dutt (@DuttYogi) August 31, 2016
रियो अोलंपिक में खाली हाथ लौटे योगेश्वर दत्त के इन दोनों ट्वीट को उनके बड़े दिल वाले खिलाड़ी के तौर पर देखा जा रहा है। यहां पर याद दिला दें कि पहलवान योगेश्वर को एक सांत्वना पुरस्कार मिलने जा रहा है।दरअसल, 2012 लंदन ओलंपिक के दौरान जो उन्होंने कांस्य पदक जीता था, वह अब अपग्रेड होकर रजत हो गया है। इसकी औपचारिक घोषणा कर दी गई है।
...इस तरह कांस्य से सिल्वर में तब्दील हुआ योगेश्वर दत्त का मेडल
ऐसा इसलिए हुआ है, क्योंकि जिस रूसी पहलवान बेसिक कुदुखोव ने उस दौरान रजत पदक हासिल किया था, उसका डोप टेस्ट पॉजिटिव निकला है, यानी वह डोपिंग की परीक्षा में फेल हो गया।
यहां पर याद दिला दें कि कि लंदन ओलंपिक में 60 किलोग्राम फ्री स्टाइल कुश्ती प्रतियोगिता में रूस के बेसिक कुदुखोव ने रजत पदक जीता था और भारत के पहलवान योगेश्वर दत्त को कांस्य पदक मिला था।
ओलंपिक पदक विजेताओं पर AAP सरकार की धनवर्षा, सिंधू को दिए दो करोड़
गौरतलब है कि रूसी पहलवान बेसिक कुदुखोव की 27 साल की उम्र में 2013 में रूस में कार दुर्घटना में मौत हो चुकी है। पिछले महीने रियो ओलंपिक से पहले अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (IOC) ने लंदन ओलिंपिक के दौरान एकत्र किए सैंपलों का फिर परीक्षण किया था।
अब पदक अपग्रेड की घोषणा के बाद योगेश्वर भी लंदन में रजत पदक धारी माने जाएंगे। इस तरह लंदन ओलंपिक में रजत जीतने वाले अन्य भारतीय पहलवान सुशील कुमार और शूटर विजय कुमार की श्रेणी में शुमार हो गए हैं।