ससुर ने किया दुष्कर्म, अब पीड़िता की नाक काटने का फरमान
राजस्थान के बाड़मेर में पंचायत द्वारा दुष्कर्म पीड़िता की नाक काट दिए जाने का फरमान सुनाया गया है। पीड़िता ने पुलिस की मदद मांगी है। खास बात यह है कि महिला का शारीरिक शोषण उसके ससुर द्वारा ही किया जा रहा था। महिला का आरोप है कि ससुर शादी के
बाड़मेर। राजस्थान के बाड़मेर में पंचायत द्वारा दुष्कर्म पीड़िता की नाक काट दिए जाने का फरमान सुनाया गया है। पीड़िता ने पुलिस की मदद मांगी है। खास बात यह है कि महिला का शारीरिक शोषण उसके ससुर द्वारा ही किया जा रहा था।
महिला का आरोप है कि ससुर शादी के बाद से उसका शोषण कर रहा था। महिला ने जिला पुलिस अधीक्षक के समक्ष अपनी शिकायत दर्ज कराई है और गांववालों से बचाने की गुहार भी लगाई है।
शिकायत के अनुसार, ससुर महिला को कई दिनों से परेशान कर रहा था। सितंबर में उसने दुष्कर्म भी किया। महिला ने तब भी पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी और आरोपी को सजा भी हुई थी।
चार दिन पहले ही जमानत पर छूटा है आरोपी
आरोपी ससुर चार दिन पहले ही जमानत पर छूटा है। उसने गांव पहुंचते ही पंचायत बुलाई, जिसने महिला की नाक काटने का फरमान सुनाया।
महिला का कहना है कि 19 दिसंबर को भी पंचायत के लोगों ने उस पर हमला करने की कोशिश की थी, लेकिन उसने अपने माता-पिता के घर में छुप कर खुद को बचाया।
बहरहाल, पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने के बाद जांच शुरू कर दी गई है।