बंधुआ मजदूरी से किया इंकार तो दलित महिला के साथ कर दी ये क्रूर हरकत
घटना के वक्त जानकी धनक नामक महिला इलाज के लिए अपने पति को अस्पताल ले जा रही थी। तभी उसके साथ यह हादसा हो गया।
सागर, एएनआइ। मध्य प्रदेश के सागर जिले में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। बंधुआ मजदूर के रूप में काम करने से इंकार करने पर दो लोगों ने एक महिला की नाक काट दी। पीड़ित महिला दलित बताई जा रही है और दोनों आरोपी बाप-बेटे हैं।
महिला की हालत गंभीर
घटना के वक्त जानकी धनक नामक महिला इलाज के लिए अपने पति को अस्पताल ले जा रही थी। तभी घर-खेत का काम करने से इंकार करने पर ऊंची जाति के आरोपियों ने उसकी नाक काट दी और बुरी तरह से मार-पिटाई की। महिला को तुरंत बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उसकी स्थिति गंभीर है।
होगी सख्त कार्रवाई
मध्य प्रदेश महिला आयोग ने मामले पर संज्ञान लेते हुए सागर जिले के एसपी को जांच शुरू करने का निर्देश दिया है। आयोग की सदस्य लता वानखेड़े ने कहा, मामला गंभीर है। महिला को जबरदस्ती बंधुआ मजदूरी के लिए ले जाया जा रहा था। आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह मामला गुरुवार को तब सामने आया जब आयोग द्वारा आयोजित एक कैंप में महिला शिकायत करने पहुंची।
यह भी पढ़ें: बहू की खातिर मां ने बेटे का ही घोंट दिया गला, जानिए क्यों हुई ऐसा करने को मजबूर